देश के कॉरपोरेट इतिहास का सबसे बड़ा सौदा

साफ है कि इस सौदे से सचिन और बिन्नी बंसल को तो बड़ा मुनाफा हुआ ही है, इसके निवेशकों को भी बड़ा मुनाफा होने वाला है

201

किसी भी कंपनी का अधिग्रहण होना कारपोरेट सेक्टर में कोई बड़ी बात नहीं है। लेकिन वॉलमार्ट द्वारा फ्लिपकार्ट के अधिग्रहण करने की खबर पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बनी हुई है। यह अधिग्रहण इस बात का द्योतक है की भारतीय अर्थव्यवस्था अब काफी परिपक्व हो चुकी है और अब भारतीय स्टार्टअप कंपनियों को अच्छे ऑफर मिलने लगे हैं। इस बात को इसी तथ्य से आसानी से समझा जा सकता है कि फ्लिपकार्ट को अमेरिकी रिटेल कंपनी वॉलमार्ट ने 16 अरब डॉलर यानी 10 खरब 76 अरब 40 करोड़ रुपए में खरीदा है। इतनी राशि देकर भी वॉलमार्ट के हिस्से फ्लिपकार्ट के सिर्फ 77% शेयर ही आए हैं। शेष 23% शेयर अभी भी इसके अन्य हिस्सेदारों के पास ही हैं। यह ठीक है कि फ्लिपकार्ट के बिकने के बाद वॉलमार्ट भारत के लगभग एक हजार अरब डॉलर के रिटेल मार्केट में अपना पैर अच्छी तरह से जमा लेगा। वॉलमार्ट पहले भी भारत में अपना पैर जमाने की कोशिश करता रहा है। पहले उसने भारती के साथ मिलकर कोशिश की थी, लेकिन 2009 से 2016 के बीच उसे 1874 करोड रुपए का नुकसान झेलना पड़ा। इसके बाद वॉलमार्ट में अपने कदम पीछे खींच लिए थे। लेकिन, अब फ्लिपकार्ट का अधिग्रहण करके उसने एक जोरदार वापसी की है।

फ्लिपकार्ट की डील को एक भारतीय कंपनी के बिक जाने के नजरिए से देखना ठीक नहीं है, बल्कि इसका सकारात्मक पक्ष यह है कि ये भारत के उन उद्यमियों के लिए यह एक बहुत बड़ी जीत है, जिन्होंने अपनी परिकल्पना और उद्यमिता से एक बड़ा मुकाम हासिल किया। सबसे बड़ी बात तो यह है कि भारत में स्टार्टअप उद्यम के लिए यह प्रेरणा का एक स्तोत्र है। इससे अन्य स्टार्टअप कंपनियों के लिए भी नए रास्ते खुले हैं। इस सौदे से एक बात और स्पष्ट हो गई है कि अगर किसी स्टार्टअप को अच्छी योजना और उन्नत तकनीक के साथ शुरू किया जाता है, तो आगे चलकर उसे फंड कलेक्शन में परेशानी नहीं होगी। इस सौदे को इस लिए भी महत्वपूर्ण समझा जा रहा है क्योंकि भारत के रिटेल मार्केट पर कब्जा करने के लिए अमेजन भी लंबे समय से कोशिश कर रही है। इसी इरादे से अमेजन ने भी फ्लिपकार्ट को खरीदने की कोशिश की थी, लेकिन उसकी बात बनने के पहले ही वॉलमार्ट ने ऊंची कीमत देकर अपना सौदा पक्का कर लिया। लगभग 10 साल पहले भारत के इस स्टार्टअप को आईआईटी ग्रेजुएट दो दोस्तों और सचिन और बिन्नी बंसल ने मिलकर महज चार लाख की लागत से शुरू किया था। शुरुआत में फ्लिपकार्ट ने सिर्फ किताबों को बेचने का काम किया, लेकिन जल्दी ही वह देश के ऑनलाइन रिटेल मार्केट की सिरमौर कंपनी बन गई। इसके विस्तार को इसी तथ्य से समझा जा सकता है कि 2017 में उसका कुल कारोबार 19854 करोड रुपए का था। फ्लिपकार्ट ने अपने कार्यकाल में कई उपलब्धियां भी हासिल की।

2014 में इसने एक अरब रुपए की बिक्री करके एक कीर्तिमान स्थापित किया था। इस कंपनी का बिजनेस मॉडल भी कुछ अलग सा रहा है। ये खुद किसी भी चीज का उत्पादन नहीं करती, बल्कि यह उत्पादकों और खरीदारों को एक प्लेटफार्म पर लाती है और पैसे का लेनदेन अपने जरिए करवाती है। कंपनी की विश्वसनीयता इसी बात पर टिकी है कि वह अपने ग्राहकों को कितना फायदा पहुंचाती है तथा उत्पादकों का तैयार माल कितना जल्दी बिकवाती है। इस काम के लिए फ्लिपकार्ट ने पूरे देश में एक बड़ा सप्लाई चेन और डिलीवरी सिस्टम भी तैयार किया और उसी का परिणाम है कि देश के कोने-कोने तक इसके के सामानों की सप्लाई होती है। इसमें कोई शक नहीं है कि देश में ऑनलाइन शॉपिंग का कारोबार बहुत बड़ा है। कई कंपनियां इस काम में लगी हुई हैं। लेकिन अपनी सुविचारित योजना के तहत फ्लिपकार्ट ने अपने विस्तार के लिए कई फंड मैनेजर्स के साथ काम किया और कई विदेशी कंपनियों को निवेश के लिए आमंत्रित भी किया। जिन वित्तीय कंपनियों ने फ्लिपकार्ट में निवेश किया, उनमें सबसे बड़ा नाम जापान के सॉफ्ट बैंक का है, जिसने इसके 20% शेयर खरीदे।

सौदे में वॉलमार्ट ने घोषित किया है कि वह निवेशकों के शेयर को भी उचित दाम देकर खरीदेगा। साफ है कि इस सौदे से सचिन और बिन्नी बंसल को तो बड़ा मुनाफा हुआ ही है, इसके निवेशकों को भी बड़ा मुनाफा होने वाला है। क्योंकि, फ्लिपकार्ट पर पूरी तरह से काबिज होने के लिए अब वॉलमार्ट को शेष बचे निवेशकों को ऊंची कीमत देनी होगी। जहां तक अधिग्रहण की बात है, तो आज भले ही फ्लिपकार्ट बिक गया है, लेकिन अपने 10 साल के कार्यकाल में इसने भी कई कंपनियों का अधिग्रहण किया। इसने पहले बीस अरब की खर्च कर मिंत्रा का अधिग्रहण किया और उस के सहारे एक बड़ी ऑनलाइन कंपनी और फैशन फैशन साइट जोबोंग को भी खरीद लिया। इसने देश की दूसरी बड़ी ऑनलाइन कंपनी स्नैपडील को भी खरीदने की कोशिश की थी, लेकिन कीमत पर बात अटक जाने की वजह से ये सौदा नहीं हो सका। यह ठीक है कि फ्लिपकार्ट के सौदै का भारत में कुछ हद तक विरोध भी हो रहा है। स्वदेशी जागरण मंच ने आरोप लगाया है कि फ्लिपकार्ट को खरीदकर वॉलमार्ट पिछले दरवाजे से भारत में घुस रही है। उसका ये आरोप भी है कि वॉलमार्ट के रिटेल मार्केट में आने से देश के छोटे और मंझोले कारोबारियों को नुकसान का सामना करना पड़ेगा। लेकिन इसके साथ ही यह भी एक सच है कि वॉलमार्ट भारतीय कारोबारियों को एक बड़ा वैश्विक मंच भी उपलब्ध कराएगा, जिसके जरिए उनका सामान विदेशी ग्राहकों तक भी आसानी से पहुंच सकेगा। इसके साथ ही इस सौदे से नए उद्यमियों को जिस तरह का उत्साह मिला है, उससे देश में नए स्टार्टअप खड़े होने की संभावना और बलवती होगी।

हिन्दुस्थान समाचार/दिव्य उत्कर्ष

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.