यह विपक्षी एकता है या बीजेपी का डर

इसलिए इस मंच पर आना मायावती की राजनीतिक मजबूरी ही मानी जा सकती है

247

प्रचलित कहावत है कि जब किसी गांव में शेर आ जाता है, तो वहां के नागरिक एक जगह एकत्रित हो जाते हैं। ये नागरिक ऐसे भी होते हैं, जो कभी भी एकत्रित नहीं हो सकते, लेकिन डर एक ऐसी चीज है, जो सबको एक ही दिशा में भागने के लिए प्रेरित करती है। इसका वर्तमान स्थितियों में आशय यह भी निकाला जा सकता है कि हम अकेले ही क्यों मरें, सब साथ में ही मरेंगे। ऐसा सोच कमजोरी के कारण ही आता है। वर्तमान राजनीतिक स्थिति का अध्ययन किया जाए तो ऐसा ही दिखाई देता है। कर्नाटक में विपक्षी राजनीतिक दलों ने जिस प्रकार से अपनी उपस्थिति दिखाई है, उसे यह राजनीतिक दल भविष्य की राजनीति के लिए अच्छा संकेत बता रहे हैं। ठीक ही है जो अकेला नहीं लड़ सकता, उसे किसी न किसी का सहारा लेना ही पड़ता है, विरोधी पक्ष की राजनीति करने वाले सहारे की तलाश कर रहे हैं। विपक्षी एकता के नाम पर कर्नाटक में जो दिखाई दिया, उसमें शक्ति का सामर्थ्य कम ही नजर आया। जिनके शपथ ग्रहण में यह सभी शामिल हुए, वे बहुत ही छोटे दिखाई दे रहे थे।

विपक्षी राजनीतिक एकता का प्रदर्शन करने के लिए यूं तो देश के बीजेपी विरोधी दल लम्बे समय से प्रतीक्षा कर रहे थे, लेकिन उन्हें यह अवसर नहीं मिल सका। इसका एक मात्र कारण यही माना जा सकता है कि देश में हर जगह बीजेपी का प्रभाव क्षेत्र लगातार बढ़ता जा रहा था। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के बाद जो तस्वीर बनी है, उसमें भी हालांकि बीजेपी का प्रभाव क्षेत्र बढ़ा है, लेकिन कांग्रेस सहित बीजेपी के विपक्षी दलों ने इस प्रभाव को झुठलाने का अराजनीतिक और गैर सैद्धांतिक प्रयास किया है। जनतादल सेक्युलर के नेता कुमारस्वामी का मुख्यमंत्री बनना भी इसी प्रक्रिया का हिस्सा है। विरोधी राजनीतिक दलों के कर्नाटक में हुए जमावड़े को जहां विपक्षी एकता के रुप में देखा जा रहा है, वहीं इस एकता का यह अर्थ भी निकाला जा सकता है कि यह विरोधी दल बीजेपी के डर से ही एकत्रित हुए हैं। वर्तमान में यह दल बीजेपी की ताकत से डरे हुए हैं। वैसे भी अभी कर्नाटक में जो सरकार बनी है, वह भी बीजेपी के डर से उत्पन्न हुए हालातों से उपजी राजनीति का हिस्सा है। लेकिन बड़ा सवाल यह भी है कि यह एकता किसके नेतृत्व में स्थापित हो सकेगी।

नेतृत्व का जब भी सवाल आएगा, उस समय निश्चित ही यह दल अपना वर्चस्व स्थापित करने का भरपूर प्रयास करेंगे। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी तो अपने आपको पहले ही प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर चुके हैं।िपक्ष में कई ऐसे नेता हैं जो राजनीतिक वजूद रखते हैं, ऐसे में वे प्रधानमंत्री पद के लिए किसी को स्वीकार कर पाएंगे, इसकी संभावना बहुत कम ही लगती है। ऐसे में विपक्षी एकता संभव हो पाएगी, लगता नहीं हैं। कर्नाटक के मंच पर जो राजनेता अपनी राजनीतिक ताकत दिखा रहे थे, वे सभी बीजेपी के विरोधी ही हैं, लेकिन उनमें भी कई दल ऐसे हैं जो एक-दूसरे के विरोध में हैं। सबसे पहले सवाल यही उठ रहा है कि कर्नाटक में जो गठबंधन की सरकार बनी है, उसे बेमेल गठबंधन का ही नाम दिया जा रहा है। कांग्रेस के मुख्यमंत्री रहे सिद्धारमैया को एक चुनाव क्षेत्र से जनता दल सेक्युलर के नेता ने ही हराया था। यानी दोनों दल एक दूसरे के विरोध में चुनाव लड़े थे, इसलिए प्रथम दृष्टया यह सत्ता के लिए ही किया गया गठबंधन ही है। दूसरी सबसे बड़ी बात यह भी है कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेता अरविन्द केजरीवाल भी इस मंच पर एकता का प्रदर्शन कर रहे थे, क्या दिल्ली में ये दोनों राजनीतिक दल एक हो सकते हैं? इसी प्रकार पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी वामपंथी और कांग्रेस नेताओं के साथ सम्मिलित हुईं, क्या पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में यह तीनों की यह एकता दिखाई देगी?

शपथग्रहण समारोह में विपक्षी दल जिस प्रकार से शक्ति प्रदर्शन करने की कोशिश कर रहे हैं, जनता के बीच तो इनमें से अधिकांश की शक्ति ही नहीं है। कांग्रेस खुद 2014 में 44 पर सिमटी हुई है, करीब पांच साल में उसके हाथ से 14 राज्य छिन गए हैं, खुद राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस करीब 25 चुनाव हार चुकी है। इसी प्रकार कई नेता ऐसे भी दिखाई दिए जो आज राजनीतिक रुप से अस्तित्व हीन हैं। इसमें मायावती का नाम लिया जा सकता है। मायावती की पार्टी का लोकसभा में प्रतिनिधित्व ही नहीं है। इसलिए इस मंच पर आना मायावती की राजनीतिक मजबूरी ही मानी जा सकती है। उन्हें बीएसपी का अस्तित्व बचाने के लिए सहारे की आवश्यकता भी है।

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.