कर्नाटक में लगने वाले मंदिरों के मेलों के पास मुस्लिम व्यापारियों के बहिष्कार के लिए एक अभियान शुरू किया गया है। विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल के द्वारा कर्नाटक के तुमकुरु ज़िला के अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा गया है जिसमें बताया गया है कि 25 फरवरी से 19 मार्च तक गुब्बी चन्नबासवेश्वर मंदिर में आयोजित होने वाले मेले में अन्य धर्मों के दुकानदारों को अनुमति नहीं दी जाए।
गुरुवार को तुमकुरु के ज़िलाधिकारी वाईएस पाटिल को सौंपे गए इस ज्ञापन में हिंदू समर्थक समूहों ने विरोध प्रदर्शन की धमकी भी दे डाली जिसमें कहा गया कि अगर अन्य धर्मों के व्यापारियों को मंदिर के परिसर में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से व्यापार करने की अनुमति दी गई तो इसके विरुद्ध जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा।
कर्नाटक में क़ानून बनाने की मांग
ABP न्यूज़ के अनुसार बजरंग दल की नेता मंजू भार्गव ने कहा कि चन्नबसवेश्वर रथोत्सव भव्य तरीके से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने भी अन्य धर्मों को मंदिर के पास व्यापार करने की अनुमति देने पर विरोध जताया है। साथ ही , विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष जीके श्रीनिवास ने भी ये स्पष्ट किया कि अन्य धर्मों के व्यक्तियों के लिए मंदिरों के परिसर और धार्मिक मेलों में व्यापार करने के लिए कोई भी छूट नहीं दी जानी चाहिए। ” इस कानून को लागू किया जाना चाहिए।”
ऐसी ही एक घटना में मंगलुरु पुलिस ने कादरी श्री मंजूनाथ मंदिर के मेले से बैनर हटाए थे। जिसमें कहा गया था कि मुस्लिम व्यापारी मंदिर के पास अपना व्यापार नहीं कर सकते। पुलिस के अनुसार, बैनर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने लगाए थे। पुलिस ने ये भी बताया कि इन बैनरों में पिछले साल के कुकर बम विस्फोट का उल्लेख किया गया था और आरोप लगाया गया था कि आरोपियों का मुख्य लक्ष्य कादरी मंजूनाथ मंदिर था।
पुलिस ने कहा कि बैनरों में यह भी कहा गया है कि केवल हिंदू धर्म के रीति-रिवाजों और समारोहों में विश्वास रखने वाले व्यापारियों को ही अपना व्यापार और व्यवसाय जारी रखने की अनुमति दी जाए। बता दें कि पिछले साल नवंबर में कुक्के सुब्रह्मण्य मंदिर के चंपा षष्ठी समारोह में भी मुस्लिम विक्रेताओं पर प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर बैनर लगाए गए थे।


