एक सत्र अदालत ने गुजरात के धंधुका क़स्बे के एक हिन्दू जोड़े को निचली अदालत द्वारा दिए गए तलाक़ को रद्द करते हुए कहा कि हिन्दू क़ानून के अंतर्गत विवाह एक पवित्र संस्था है जहाँ यह एक संस्कार है और अन्य विश्वास प्रणालियों के विपरीत कोई अनुबंध नहीं है। इस बात पर बल देते हुए कि न्यायालयों को सुलह के लिए प्रयास करना चाहिए, सत्र अदालत ने जोड़े से अनुरोध किया कि वे मध्यस्थता या वैकल्पिक विवाद निवारण तंत्र का विकल्प चुनकर अपने विवादों को सुलझाने का प्रयास करें।
वादी-विवादी की शादी 1998 में हुई और उनके तीन बच्चे हैं। पत्नी 2012 से अपने माता-पिता के साथ रह रही है और पति ने 2014 में तलाक़ मांगा। धंधुका की एक अदालत ने 2018 में उनकी पत्नी द्वारा क्रूरता और परित्याग के आधार पर उन्हें तलाक़ दे दिया।
पत्नी का कहना था कि उनका पति दहेज़ की मांग करता था। जब वह गर्भवती थी तो उन्हें भ्रूण के लिंग का निर्धारण करने के लिए मजबूर किया गया था। जब पता चला कि यह लड़की है तो उन्हें ससुराल से निकाल दिया गया। पहले बच्चे के जन्म के बाद समझौता हुआ और पति उन्हें वापस ले गया।
पत्नी ने यह भी शिकायत की कि तीसरे बच्चे के जन्म के बाद उन्हें नसबंदी करवाने के लिए मजबूर किया गया। वह अपने बच्चों के लिए और अपनी शादी बचाने के लिए सब कुछ सह रही थी।
जब कथित यातना उनके लिए बहुत बढ़ गई तो वह अपने माता-पिता के घर चली गईं। इसके बाद उन्होंने अपने पति के विरुद्ध क्रूरता और दहेज की मांग का आरोप लगाते हुए एक आपराधिक मामला दर्ज कराया। इसके अलावा उन्होंने घरेलू हिंसा अधिनियम के अंतर्गत भी मामला दर्ज कराया।
दूसरी ओर पति ने कहा कि पत्नी के अड़ियल रवैये को देखते हुए ट्रायल कोर्ट ने उन्हें तलाक़ देने का फ़ैसला सही किया। समझौते के कई मौके दिए गए, लेकिन पत्नी की ज़िद के कारण यह संभव नहीं हो सका।
सत्र अदालत ने निचली अदालत के तलाक़ के आदेश को रद्द कर दिया और कहा कि ट्रायल कोर्ट अनुमानों और धारणाओं के आधार पर इस निष्कर्ष पर पहुँची थी कि पति को मानसिक क्रूरता का सामना करना पड़ा था।
पति को उनकी ग़लतियों और मूर्खताओं का लाभ उठाने की इजाज़त नहीं दी जा सकती क्योंकि प्रमाण बताते हैं कि पत्नी की तरफ़ से क्रूरता और घरेलू हिंसा हो रही थी। इसके चलते अदालत ने तलाक़ की डिक्री को रद्द कर दिया।
अदालत ने कहा कि
विवाह हिन्दू क़ानून के अंतर्गत एक पवित्र संस्था है जहाँ यह एक संस्कार है और अन्य विश्वास प्रणालियों के विपरीत कोई अनुबंध नहीं है। किसी भी ट्रायल कोर्ट की ओर से सुलह के लिए हर संभव प्रयास किया जाना चाहिए, विशेषकर जब दंपति को बच्चे भी हों।
इस टिप्पणी के साथ अदालत ने जोड़े से समझौते की संभावना तलाशने का अनुरोध किया।


