ज्ञानवापी मस्जिद के तलघर को हिंदुओं के लिए पूजा के लिए सुलभ बनाने के वाराणसी ज़िला न्यायालय के आदेश पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अंजुमन इंतजामिया मसाजिद (AIM) के संयुक्त सचिव एसएम यासीन ने कहा कि मुसलमान पक्ष ने न्याय की आशा खो दी है। AIM के अधिवक्ता अख़लाक़ अहमद ने कहा कि ज़िला जज के आदेश को हाइकोर्ट में चुनौती दी जायेगी।
AIM के वकील ने कहा कि याचिकाकर्ता की याचिका की विचारणीयता को चुनौती देने वाली उनकी आपत्ति को नज़रअंदाज़ कर दिया गया है हालांकि न्यायालय ने अगली सुनवाई के लिए 8 फरवरी की तारीख़ तय की है।
वहीं विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने बुधवार को ज्ञानवापी मस्जिद के दक्षिणी तलघर में एक पुजारी को देवताओं की पूजा करने की अनुमति देने के वाराणसी न्यायालय के निर्णय का स्वागत किया। विहिप अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि वाराणसी अदालत ने बहुत महत्वपूर्ण आदेश दिया है। विहिप को प्रसन्नता है कि न्यायालय ने कहा कि याचिकाकर्ता और काशी विश्वनाथ मिलकर वहाँ नियमित ‘पूजा-अर्चना’ का संचालन सुनिश्चित करने के लिए एक पुजारी नियुक्त कर सकते हैं। ऐसा 31 साल पश्चात हुआ है।
वाराणसी ज़िला न्यायालय द्वारा सोमनाथ व्यास के पोते को ज्ञानवापी मस्जिद के तलघर में हिंदू देवी-देवताओं की पूजा करने का अधिकार दिए जाने के बाद विहिप पदाधिकारी ने यह बात कही। व्यास 1993 तक वहां पूजा करते थे, जब अधिकारियों ने तलघर को बंद कर दिया था।
कुमार ने न्यायालय के निर्णय के लिए हिंदू समुदाय को भी बधाई दी और कहा कि विहिप को आशा है कि अब ज्ञानवापी मामले पर भी न्यायालय का निर्णय जल्द आएगा। हिंदुओं के संगठन को भरोसा है कि प्रमाणों और तथ्यों के आधार पर निर्णय हिंदुओं के पक्ष में आएगा। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने न्यायालय के निर्णय पर टिप्पणी करने से मना करते हुए कहा कि यह मामला न्यायालय में है। हमें ऐसे मामलों पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।


