उद्देश्यपूर्ण उत्सव से वंचितों का उत्थान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजापुर के वनवासी बहुल जंगाला में आयुष्मान भारत स्कीम के अंतर्गत बने पहले स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन किया

298

किसी भी महापुरुष की जन्म जयंती केवल औपचारिकता के निर्वाह तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इस अवसर पर ऐसे कार्य भी होने चाहिए, जिनकी कल्पना उन महापुरुषों ने की थी। प्रायः राजनेता मूर्तियों पर माल्यार्पण और भाषण पर ही फोकस रखते हैं। चुनाव का समय निकट हो तो, तो फिर कहना क्या। राजनेताओं का निशाना उसी तरफ हो जाता है। लेकिन यह मानना होगा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐसे प्रत्येक अवसर का लोक कल्याण की दृष्टि से उपयोग करते हैं। उनके अनुसार यही किसी महापुरुष के प्रति सच्चा सम्मान होता है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इसी मार्ग का अनुशरण कर रहे हैं। डॉ. भीमराव रामजी आम्बेडकर जयंती पर मोदी और योगी का यही नजरिया था। उधर छत्तीसगढ़ के वनवासी बहुल जांगला बीजापुर में मोदी ने पिछड़े जिलों के कायाकल्प और आयुष योजना को आगे बढ़ाया, वहीं लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दलितों, वंचितों के लिए अनेक कार्यक्रम शुरू किये। पहले से चल रहे ऐसे कई कार्यक्रमों को तेजी से पूरा करने का संकल्प लिया।

यह विडंबना है कि दलितों के नाम पर राजनीति करने वाले अपने परिजनों के साथ कहां से कहां पहुंच गये। लेकिन देश का वंचित वर्ग केवल वोटर ही बना रह गया। ऐसे नेता आम्बेडकर और कांशीराम का नाम तो लेते हैं, लेकिन उनके विचारों पर अमल नहीं करते। उन महापुरुषों ने अपने परिजनों को नहीं, पूरे वंचित समाज को महत्व दिया था। लेकिन उनके नाम पर आज राजनीति करने वाले क्या कर रहे हैं, यह जगजाहिर है। ये दूसरों पर आरोप लगाते हैं कि उन्हें मानसिकता बदलनी चाहिए। जबकि मानसिकता बदलने की जरूरत इन्हें है। इनको परिजनों से ज्यादा समाज को अहमियत देनी होगी। तभी वंचितों के जीवन में सुधार आएगा। यही वह मानसिकता है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अलग दिखाई देते हैं।

कुछ वर्ष पहले एक दलित मुख्यमंत्री की सैंडिल विमान द्वारा मुम्बई से मंगाने की चर्चा चली थी। इसकी पुष्टि भले न हो, लेकिन उन्होंने दलित उत्थान के जरिये अपने वैभव का उत्थान करने का कई बार प्रयास किया था। उस समय दलित समाज को इससे भी संतुष्टि मिल जाती थी। बाद में दलितों का एक वर्ग सवाल करने लगा। सवाल यह था कि सत्ता से उनको क्या मिला। सत्ता के गलियारे में अनेक भाई-बन्धु बहुत आगे निकल गये, वंचित वहीं रह गये। दूसरी तरफ नरेंद्र मोदी हैं। बुजुर्ग वनवासी महिला को अपने हाथों से चप्पल पहनाते हैं। योगी वंचितों को बराबरी पर लाने का संकल्प लेते हैं। शायद यही कारण है कि दलित वर्ग की प्रतिष्ठित संस्था योगी आदित्यनाथ को दलित मित्र सम्मान से नवाजती है। लखनऊ के डॉ भीमराव आम्बेडकर महासभा ट्रस्ट ने योगी को यह सम्मान दिया। ट्रस्ट के अध्यक्ष लालजी प्रसाद निर्मल ने कहा कि योगी ने प्रत्येक कार्यालय में डॉ आम्बेडकर के चित्र लगाने का सराहनीय कार्य किया है। वह कहते हैं कि जिन्होंने सत्ता में रहते हुए दलित अधिकारियों को चुन-चुन कर हटाया, राज्यसभा में पदोन्नति में आरक्षण का विधेयक फाड़कर फेंक दिया, एससी-एसटी एक्ट को निष्प्रभावी बनाने का कार्य किया, उनका सम्मान नहीं हो सकता। न ऐसे लोगों से गठबन्धन करने वालों का सम्मान हो सकता है। जबकि योगी आदित्यनाथ अति दलितों व अति पिछड़ों को आरक्षण देने की बात कर रहे हैं। ट्रस्ट ने डॉ आम्बेडकर के पूरे नाम का भी स्वागत किया। उन्होंने बताया कि महासभा परिसर में डॉ आम्बेडकर के अस्थिकलश की स्थापना के समय से ही उनका नाम भीमराव रामजी आंबेडकर लिखा है।

योगी आदित्यनाथ ने एससी-एसटी छात्रों के वजीफे में साढ़े सात सौ रुपये की बढ़ोत्तरी और इसकी पात्रता की आय सीमा बढ़ाने का ऐलान किया। एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज मामलों के जल्द निस्तारण हेतु पच्चीस न्यायालय बनाये जायेंगे। एससी-एसटी विकास कमीशन बनाया जाएगा। सरकारी भूमि पर बसे दलित या भूमिहीन गरीब को उजाड़ा नहीं जाएगा। मुद्रा योजना, स्टैंड अप इंडिया, सुरक्षित भविष्य, उद्यम पूंजी जैसी योजनाओं में दलितों की भागीदारी बढ़ाई जाएगी। ग्राम स्वराज अभियान में दलित बहुल गांवों का कायाकल्प किया जा रहा है। यहां उज्ज्वला योजना से सभी को गैस कनेक्शन, प्रधानमंत्री सहज बिजली सौभाग्य योजना के तहत प्रत्येक घर को बिजली कनेक्शन, उजाला योजना के तहत एलईडी बल्ब वितरण, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, जनधन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत दो लाख रुपये का जोखिम बीमा, मिशन इंद्रधनुष के अंतर्गत स्वास्थ्य सुविधा, स्वच्छता और समरसता के कार्यक्रम चलाए जायेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजापुर के वनवासी बहुल जंगाला में आयुष्मान भारत स्कीम के अंतर्गत बने पहले स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन किया। इसके अलावा केंद्र सरकार 115 पिछड़े जिलों के विकास की विशेष योजना को तेजी से लागू करेगा। प्रत्येक जिले का अपना विकास मॉडल होगा। आयुष्मान भारत स्कीम में इन जिलों को प्राथमिकता दी जाएगी। इस स्कीम में दस करोड़ लोगों को पांच लाख का बीमा दिया जाएगा। इसके अलावा डेढ़ लाख स्वास्थ्य केंद्र खोले जायेंगे।

जाहिर है कि वंचितों के कल्याण हेतु शुरू किये गये कार्यों से डॉ. आंबेडकर की जयंती ज्यादा सार्थक हुई। वह स्वयं ऐसे ही लोगों को आगे बढ़ाने में लगे रहे। जयंती पर यह उनके प्रति सच्चा सम्मान है।

हिन्दुस्थान समाचार/डाॅ दिलीप अग्निहोत्री

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.