एक मिथ्या के आधार पर हिंदुओं का ही एक वर्ग कुछ समय से हल्ला मचा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 जनवरी को राम जन्मभूमि मंदिर का धार्मिक अनुष्ठान सहित उदघाटन करने वाले हैं जबकि कर्मकांड में वे सम्मिलित नहीं होंगे अपितु भक्त के रूप में मूल अनुष्ठान के उपरांत उन्हें ससम्मान सम्मिलित किया जाएगा। वैदिक कर्मकांडों के दिग्गज 86 वर्षीय पंडित लक्ष्मीकांत मथुरानाथ दीक्षित राम लल्ला विग्रह के अभिषेक में पुजारियों के समूह का नेतृत्व करेंगे। दीक्षित की वंश परंपरा वाराणसी स्थित 17वीं शताब्दी के प्रसिद्ध पुजारी पंडित गागा भट्ट से चली आ रही है जिन्होंने छत्रपति शिवाजी के इंद्राभिषेक की अध्यक्षता की थी। यह सूचना श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सूत्रों से प्राप्त हुई है।

अपना जीवन साधना, उपासना और वेदों और उपनिषदों के गहन अध्ययन के लिए समर्पित 120 आचार्य व गुरु अभिषेक करने वाले समूह में होंगे। इनमें से 40 पुजारी काशी के हैं। अयोध्या में राम लल्ला (शिशु रूप में भगवान् राम) के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के लिए वैदिक अनुष्ठान मुख्य समारोह से एक सप्ताह पहले 16 जनवरी को शुरू होंगे। ट्रस्ट के अनुसार वाराणसी के पुजारी लक्ष्मी कांत दीक्षित 22 जनवरी को राम लल्ला के अभिषेक समारोह का मुख्य अनुष्ठान करेंगे।
ट्रस्ट ने बताया कि अयोध्या में राम लल्ला की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के लिए वैदिक अनुष्ठान मुख्य समारोह एक सप्ताह पहले 16 जनवरी से शुरू होगा। 14 जनवरी से 22 जनवरी तक अयोध्या में अमृत महोत्सव मनाया जाएगा।
ट्रस्ट ने सूचना दी कि अभिषेक की तिथि निश्चित करने के लिए कांची कामकोटि शंकराचार्य द्वारा आचार्य गणेश शास्त्री द्रविड़ को अयोध्या भेजा गया था।
‘नेपाली बाबा’ के नाम से प्रख्यात तपस्वी नारायण दास के शिष्य आत्मानंद दास महात्यागी के नेतृत्व में नेपाल के लगभग 21,000 पुजारी 14 जनवरी से महायज्ञ करने जा रहे हैं। नेपाल के पारंपरिक राजपरिवार ने तपस्वी नारायण दास को ‘नेपाली बाबा’ की उपाधि दी थी।
सरयू नदी के तट पर 1008 नर्मदेश्वर शिव लिंगों का अभिषेक 25 जनवरी को होगा।
हनुमत निवास के महंत आचार्य मिथिलेश नंदिनी शरण, रामानुज परंपरा के आचार्य जयकांत शर्मा और रामकुंज के महंत रामानंद दास के शिष्य सत्यनारायण दास भव्य मंदिर के लिए नए पुजारियों का चयन और प्रशिक्षण कर रहे हैं। नए पुजारियों की न्यूनतम योग्यता है शैशव अवस्था से ही गुरुकुल परंपरा में प्रासंगिक धर्मग्रंथों की शिक्षा एवं कुछ विशिष्ट दीक्षाएँ।
प्रधानमंत्री मोदी 22 जनवरी को राम मंदिर में समारोह में भाग लेंगे जबकि एक वर्ग इस मिथ्या के आधार पर हंगामा मचा रहा है कि प्रधानमंत्री स्वयं मंदिर का पूजन कर्मकांड कर रहे हैं। भारत और विदेश के कई गणमान्य व्यक्तियों को अयोध्या में शुभ अवसर में भाग लेने के लिए निमंत्रण मिला है जो प्रधानमंत्री की तरह ही सांस्कृतिक कार्यक्रम के भाग होंगे, आध्यात्मिक अनुष्ठान के नहीं।
मूलधारा की मीडिया में भी कई बार शब्दों के चयन में लापरवाही बरतते हुए यह कहा गया कि प्रधानमंत्री 22 जनवरी को अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा करेंगे।




