बेंगलुरु के एक विशेष न्यायालय ने 2022 में “हिन्दू” शब्द को लेकर दिए गए एक विवादास्पद बयान पर कर्नाटक के मंत्री और कांग्रेस नेता सतीश जारकीहोली के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज करने के आदेश जारी किए हैं। नवंबर 2022 में बेलगावी में एक कार्यक्रम के समय उस समय के कर्नाटक कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जारकीहोली ने दावा किया था कि “हिन्दू” शब्द फ़ारसी है। उन्होंने सुझाव दिया कि इस शब्द का भारत से कोई संबंध नहीं है और कहा कि इसका अर्थ अपमानजनक है।
उनके शब्द थे —
‘हिन्दू’ शब्द कहाँ से आया? क्या यह हमारा है? यह फ़ारसी है, जिसमें ईरान, इराक़, कज़ाख़स्तान और उज़्बेकिस्तान जैसे स्थान शामिल हैं। इसका भारत से क्या लेना-देना? ‘हिन्दू’ शब्द आपका कैसे हो गया? इस पर चर्चा होनी चाहिए।
“WhatsApp और Wikipedia पर देखें कि यह शब्द कहां से आया। ये तुम्हारा नहीं है। फिर भी तुम इसे ढो रहे हो. यह आपका शब्द नहीं है,” जारकीहोली ने हिंदी में बोलते हुए कहा था —
यदि आप ‘हिन्दू’ शब्द का अर्थ समझेंगे, तो आपको शर्म आएगी। मतलब बहुत गंदा है. यह पहले से ही वेबसाइट पर है. आप हम पर एक धर्म थोप रहे हैं, एक ऐसा शब्द जो कहीं और से आया है।
Fact check: यह बात सच है कि विश्व मूलतः फ़ारसी के माध्यम से ‘हिन्दू’ शब्द से परिचित हुआ हालांकि यह संस्कृत के ‘सिंधु’ शब्द का विकार है। प्राचीन फ़ारसी के ‘हिंदुश’ को आगे यूनानियों ने “इंडस” और “इंडिया” बनाया। अतः यदि विपक्ष को ‘हिन्दू’ शब्द से आपत्ति है उन्हें ‘इंडिया’ से भी आपत्ति होनी चाहिए और यदि केंद्र सरकार को ‘इंडिया’ से आपत्ति है तो उन्हें ‘हिन्दू’ से भी आपत्ति होनी चाहिए। वैसे जारकीहोली का दावा ग़लत है। ‘सिंधु’, ‘हिन्दू’, ‘इंडिया’ और ‘इंडस’ का तात्पर्य किसी भी भाषा में नकारात्मक नहीं है।
जारकीहोली की टिप्पणी से आक्रोश फैल गया और वकील दिलीप कुमार द्वारा आपराधिक प्रक्रिया संहिता (CrPC) की धारा 397 के तहत क़ानूनी याचिका दायर की गई। वकील द्वारा दायर याचिका का जवाब देते हुए बेंगलुरु में जन प्रतिनिधियों की विशेष न्यायालय ने जारकीहोली के विरुद्ध आपराधिक मामला शुरू करने के लिए शनिवार को आदेश जारी किए।
जारकीहोली की टिप्पणी से कांग्रेस को शर्मिंदगी उठानी पड़ी। पार्टी आलाकमान को हस्तक्षेप करना पड़ा और एक बयान जारी कर मंत्री की टिप्पणी को “बेहद दुर्भाग्यपूर्ण” बताया।
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने जारकीहोली की टिप्पणियों की निंदा करते हुए इस बात पर बल दिया कि हिन्दू धर्म जीवन का एक तरीक़ा है और भारतीय सभ्यता का अभिन्न अंग है। सुरजेवाला ने जारकीहोली के बयान की निंदा करते हुए सभी धर्मों और मान्यताओं का सम्मान करने के महत्व पर जोर दिया —
हिन्दू धर्म एक जीवन शैली और एक सभ्यतागत वास्तविकता है। कांग्रेस ने हमारे देश को हर धर्म, आस्था और विश्वास का सम्मान करने के लिए बनाया है। यही भारत का सार है। सतीश जारकीहोली के हवाले से दिया गया बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और ख़ारिज किए जाने योग्य है। हम इसकी स्पष्ट रूप से निंदा करते हैं।
कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रमुख डीके शिवकुमार ने भी इसी तरह का रुख़ अपनाया —
सतीश जारकीहोली का बयान उनकी निजी राय है, न कि कांग्रेस पार्टी की राय, हम इस पर उनसे स्पष्टीकरण मांगेंगे। कांग्रेस पार्टी सभी धर्मों का समर्थन करती है और उनके बयान से सहमत नहीं है।
जवाब में जारकीहोली ने अपनी टिप्पणी को स्पष्ट करते हुए कहा कि वह अपनी व्याख्या पेश करने के बजाय केवल Wikipedia जैसे स्रोतों और विभिन्न लेखकों के लेखों की जानकारी का उल्लेख कर रहे थे।
आज फिर से उठे विवाद पर मंत्री ने कोर्ट के आदेश पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।


