कांग्रेस भारतीय लोकतंत्र की सबसे पुरानी पार्टी है, लेकिन उसके नेता जिस तरह संवैधानिक संस्थाओं का निरादर कर रहे हैं, उसकी जितनी भी आलोचना की जाए, कम है। कर्नाटक में त्रिशंकु विधानसभा के गठन के बाद भाजपा, कांग्रेस और जेडीएस सरकार बनाने के लिए प्रयासरत हैं। वहां अपने बूते कोई भी सरकार बनाने की स्थिति में नहीं है। तीनों दलों के अपने-अपने दावे हैं। सभी राज्यपाल से मिल रहे हैं और खुद को सरकार बनाने के लिए पहले आमंत्रित करने की अपील कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस के नेताओं को राज्यपाल पर भरोसा नहीं है। गुलाम नबी आजाद ने तो यहां तक चेतावनी दी है कि अगर राज्यपाल ने संवैधानिक मूल्यों का पालन नहीं किया और हमें सरकार बनाने का आमंत्रण नहीं दिया तो यहां खूनी संघर्ष होगा। कोई पार्टी खूनी संघर्ष की चेतावनी दे सकती है क्या? एक ओर तो कांग्रेस के बड़े नेता राष्ट्रपति को पत्र लिख रहे हैं कि प्रधानमंत्री कांग्रेस के नेताओं को धमका रहे हैं कि अगर सीमा पार की तो लेने के देने पड़ जाएंगे वहीं दूसरी ओर उसी कांग्रेस के नेता राज्यपाल को खूनी संघर्ष की धमकी दे रहे हैं। क्या इस अपराध के लिए गुलाम नबी आजाद के खिलाफ विधिक कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए? रही जनादेश की बात तो कांग्रेस और जेडीएस से बेहतर यह बात कौन जानता है। कांग्रेस को जनता बार-बार नकार रही है, लेकिन इसके बाद भी वह जनभावनाओं से खेल रही है। कांग्रेस को पता है कि उसके विधायक विश्वसनीय हैं तो वह डर क्यों रही है? भाजपा अगर अल्पमत की सरकार बना भी लेती है तो भी उसे सदन में बहुमत तो साबित करना ही होगा। कांग्रेस और जेडीएस के विधायक जब टूटेंगे ही नहीं तो भाजपा को हथियार डालना ही होगा।
फिर चिंता किस बात की? आज नहीं तो कल सरकार तो कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन की ही बननी है। फिर इतनी आतुरता क्यों? ये दोनों ही दल राज्यपाल से अपील भी कर रहे हैं कि वे विधायकों की खरीद-फरोख्त को रोकें और खुद भाजपा विधायकों से भी संपर्क बनाए हुए हैं। आरोप लगाने का अधिकार बेदाग व्यक्ति को ही होता है। जेडीएस प्रमुख एचडी कुमार स्वामी का कहना है कि उन्हें कांग्रेस और भाजपा दोनों ही के स्तर पर सरकार बनाने का प्रस्ताव था लेकिन 2004-05 में भाजपा का साथ देने के मेरे फैसले से मेरे पिता के करियर पर काला धब्बा लगा था। भगवान ने मुझे वह दाग धो देने का मौका दिया है। इसलिए मैंने कांग्रेस के साथ जाने का निर्णय लिया है। कौन किसके साथ जाएगा, यह उसकी सुविधा और इच्छा पर निर्भर करता है लेकिन किसी को भी अपने हक पाने के लिए प्रयास करने से रोका नहीं जा सकता। दाग धोने के लिए साफ पानी और साबुन की जरूरत होती है लेकिन आजकल तो गंदे पानी से दाग साफ करने का चलन विकसित हो रहा है। गंदे पानी में पल रहे जीवाणु स्वास्थ्य के लिए अलाभकारी हो सकते हैं, इस पर भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। भाजपा का मानना है कि कर्नाटक की जनता ने उस पर यकीन किया है, राज्य विधानसभा चुनाव में सर्वाधिक 104 सीटें दी है, इसलिए जनादेश उसके पक्ष में है जबकि जेडीएस और कांग्रेस का तर्क है कि सरकार बनाने योग्य 116 नंबर उनके पास है। सरकार बनाने का मौका तो उन्हें ही मिलना चाहिए। पिछले दरवाजे से सत्ता पाने को आतुर कांग्रेस ने जिस तरह किंगमेकर जेडीएस को किंग बनाने की बेताबी दिखाई, वह सुविधा संतुलन का नायाब नमूना है। कुमारस्वामी जिस तरह भाजपा के अश्वमेध यज्ञ के घोड़े को कर्नाटक में रोकने की बात कर रहे हैं, उसे उनकी सत्ता लिप्सा कहें या अज्ञानता। वैसे भी शहद पर बैठकर उसकी मिठास का आनंद लेने वाली मक्खी को कब पता चलता है कि यह उसके रसास्वादन का अंतिम अवसर है। कांग्रेस ने चारा डाला है और उसे यह दिमाग दिया है बसपा नेत्री मायावती ने। भाजपा का खेल बिगाड़ने के लिए सोनिया गांधी से लेकर एचडी देवगौड़ा तक को मनाने की जो टेलीफोनिक कोशिश मायावती ने की, उस चाल में भाजपा उलझी भी है लेकिन इस उलझन को वह जल्द सुलझा लेगी, इसकी उम्मीद की जा सकती है। कांग्रेस और जेडीएस जनादेश को अपने पक्ष में मान रही है लेकिन उन्हें जनादेश का निहितार्थ समझना चाहिए। कांग्रेस के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया चामुंडेश्वरी सीट पर चुनाव हार गए। बादामी सीट पर उनकी जीत भी बेहद मामूली ही है। उनके दस मंत्रियों एचसी महादेवप्पा, रामनाथ राय, एच अंजान्या,एसएस मल्लिकार्जुन, कादुगो थिमप्पा, बी रायारेड्डी, आर लमानी और प्रमोद माधवराज को भी हार का सामना करना पड़ा। एस आर पाटिल भी चुनाव हार गए। जेडीएस-कांग्रेस ने भाजपा पर खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया है। जनता दल सेक्युलर के मुखिया एचडी कुमारस्वामी ने आरोप लगाया है कि भाजपा के लोग जेडीएस विधायकों को एक अरब का ऑफर दे रहे हैं।
अगर वे हमारे 10 विधायक तोड़ेंगे, तो हम उनके 20 छीन लेंगे। कांग्रेस ने भी भाजपा के 6 विधायकों के अपने संपर्क में होने का दावा किया है। इसका मतलब तो यही है कि वे खरीद-फरोख्त करेंगे तो हम भी पीछे नहीं रहेंगे। यह किस तरह का जनादेश का सम्मान है, इन दोनों दलों को इस बावत भी रोशनी डालनी चाहिए। कुमार स्वामी ने कहा है कि उन्होंने उत्तर भारत से शुरू हुए भाजपा के अश्वमेध यज्ञ के रथ को दक्षिण भारत में रोक दिया है। यह जनादेश भाजपा के अश्व को रोकने के लिए हैं। अश्वमेध का अश्व रोकने की सजा इस देश के राजाओं ने खूब भुगती है। उन्हें इस सच से भी वाकिफ होना चाहिए। कुमार स्वामी का सवाल है कि भाजपा के पास कालाधन कहां से आया? यही सवाल उनसे भी प्रभावी जवाब का इंतजार कर रहा है। रही बात भाजपा के ‘आपरेशन कमल’ को कामयाब न होने देने की तो उसे 2008 के हालात को तो याद करना ही चाहिए। विधायकों को विश्वसनीय बताने वाली कांग्रेस और जेडीएस के क्रमशः तीन और चार विधायकों ने भाजपा के प्रभाव में आकर इस्तीफा दे दिया था जबकि उसे सदन में बहुमत साबित करने के लिए केवल 3 विधायकों की दरकार थी। उन्हें भाजपा के टिकट से दोबारा चुनाव लड़ाया गया था। इनमें से 5 विधायक जीत गए। इस तरह भाजपा 110 से बढ़कर 115 सीटों पर पहुंच गई थी। यह प्रयोग इस बार भी तो हो सकता है। भाजपा ने स्पष्ट कर दिया है कि वह कांग्रेस को जनादेश कुचलने नहीं देगी। इस लिहाज से वह प्रयासरत है। कांग्रेस और जेडीएस को भी प्रयास करना चाहिए लेकिन सरकार बनाने के उतावलेपन में राज्यपाल के विवेक पर सवाल उठाना, उन्हें बेईमान ठहराना उचित तो नहीं है। कांग्रेस और जेडीएस को भाषायी संयम तो बरतना ही चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार/सियाराम पांडेय ‘शांत’

