उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी की हालिया पराजय के बाद विपक्ष का मनोबल बढ़ा-चढ़ा है। वह पूरे उत्साह के साथ न केवल उसे घेर रहा है, बल्कि आम जनमानस के बीच भी उसकी नीतियों की मुखर आलोचना कर रहा है। बीजेपी के बड़बोले नेताओं का बयान भी आग में घी डालने का काम कर रहा है। बीजेपी सांसद सुब्रह्मण्यम स्वामी ने बीजेपी नेतृत्व को चापलूसों को मलाई न खिलाने की जो नसीह, उसे बहुत हल्के में नहीं लिया जा सकता। सीता माता को टेस्ट ट्यूब बेबी करार देकर, राजस्थान बोर्ड की किताब में बाल गंगाधर तिलक को आतंकी छापकर, गुजरात बोर्ड की किताब में भगवान राम को सीता का अपहर्ता बताकर आखिर हम साबित क्या करना चाहते हैं। हालिया उपचुनाव में चार लोकसभा और दस विधानसभा सीटों में एक-एक सीट जीतने को संतोषजनक नहीं कहा जा सकता। बीजेपी को इसके मूल में जाना होगा। उसे वोट कितने मिले, यह ज्यादा मायने नहीं रखता। मायने तो यह रखता है कि जीता कौन और उसकी वजह क्या है?
विपक्ष जिस तरह लामबंद होकर नए-नए मुद्दे उछाल रहा है,अगर इसके बाद भी बीजेपी चैतन्य नहीं होती है तो इसे क्या कहा जाएगा? विपक्ष तो चाहेगा कि बीजेपी उसके बिछाए जाल में फंस जाए, वह नौजवानों को रोजगार न दे सके। गांव, गरीब, किसान का विकास न कर सके। क्योंकि अगर वह विकास के मुद्दे पर सफल हो गई तो उसका क्या होगा? गांव चौपाल बीजेपी भी लगा रही है और विपक्ष भी ऐसा ही कर रहा है, लेकिन उसकी ग्राम चौपाल में बीजेपी को फांसने का बड़ा जाल भी है। बीजेपी नेतृत्व को इस पर भी गौर फरमाना होगा? लोकसभा में पिछले चार साल में उसके 9 सांसद घट गए है। इनमें से ज्यादातर का निधन हो गया है। गोरखपुर और फूलपुर की लोकसभा सीट तो उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने छोड़ी थी लेकिन समाजवादी पार्टी और बीएसपी के बीच बने राजनीतिक समीकरण ने उपचुनाव में बीजेपी का कमल उखाड़ दिया था। उस समय बीजेपी ने इसे नापाक गठबंधन और सांप-छछूंदर की जोड़ी करार दिया था। इसे केर-बेर संबंध कहा था लेकिन इस मुद्दे पर उसने गंभीरता से विचार नहीं किया। कर्नाटक में कांग्रेस और जनता दल सेक्युलर गठबंधन की सरकार बनने के बाद विपक्ष की रणनीति बीजेपी का सामूहिक रूप से मुकाबला करने की है, ऐसे में बीजेपी को अपनी कमियों-खूबियों पर गौर करना होगा। विपक्ष की ताकत पहचाननी होगी और उसके कमजोर दुर्ग पर सुनियोजित प्रहार करना होगा, तभी वह अपने मिशन 2019 में कामयाब हो सकेगी।
बीजेपी को माता सीता में टेस्ट ट्यूब बेबी तो नजर आ गई लेकिन अपने विपक्षियों की ताकत जानने का हनुमत प्रयास नजर नहीं आया। हनुमान जी ने लंका का एक-एक कोना देखा था। लंका में लगे सुरक्षा यंत्रों को निष्क्रिय किया। भगवान राम के लिए लंका का युद्ध आसान कर दिया था लेकिन बीजेपी के लिए 2019 की राजनीतिक जंग अभी आसान नहीं हुई है। इसे लेकर बीजेपी में मंथन भी हो रहा है। विपक्ष जहां उपचुनाव को राज्य और केंद्र सरकार के खिलाफ जनादेश मान रहा है और प्रधानमंत्री और राज्य के मुख्यमंत्री से नैतिकता के आधार पर इस्तीफे मांग रहा है, जबकि बीजेपी नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बचाने में जुट गया है। विपक्ष का आरोप है कि यह सरकार अपने किए हुए वादों को पूरा नहीं कर पा रही है, जबकि बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह का दावा है कि जबतक कुछ प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचा नहीं दिया जाता तब तक बीजेपी 2019 के लोकसभा चुनाव में वोट मांगने नहीं जाएगी। विपक्ष ने अमित शाह के इस वादे की काट तलाश ली है।
बीजेपी ने देश भर में ग्राम चौपाल की जो शुरुआत की है, उससे विपक्ष भी काफी सहमा हुआ है, इसीलिए उसकी योजना बीजेपी को आंदोलन और तनाव के मोर्चे पर उलझा देने की है। वैसे भी सबका साथ-सबका विकास का दावा करने वाली बीजेपी विपक्ष के बिछाए गए सियासी जाल में फंसती ही रही है। चाहे जाटों का आरक्षण आंदोलन हो या दलितों का संघर्ष, सबके मूल में कहीं न कहीं विपक्ष ही अहम भूमिका में था। गांव, गरीब और किसान को सरकार के खिलाफ भड़काने में विपक्ष ने कोई कोर-कसर नहीं रखी। हरियाणा का जाट आंदोलन तो पूरी तरह कांग्रेस संप्रेरित रहा है। बीजेपी के पास 2019 के चुनाव के लिए बहुत कम समय बचा है, ऐसे में उसकी कोशिश विपक्ष के विरोध के धार को कुंद करना तो होना ही चाहिए, उसे विकास की रफ्तार भी तेज करनी होगी। उसे केवल सबका साथ-सबका विकास की अपनी अवधारणा पर अमल बढ़ाना होगा। इसमें संदेह नहीं कि मोदी विरोध के नाम पर विपक्ष इन दिनों बेहद घातक राजनीति कर रहा है। इस पर अविलंब रोक लगनी चाहिए। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में किसानों को भड़काने के आंदोलन तेज हो गए हैं। देश भर से किसान दस दिन के आंदोलन पर है। बैंककर्मियों की हड़ताल के ठीक बाद किसान आंदोलन का राजनीतिक भाष्य समझने की जरूरत है। एक तरफ जहां केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने के दावे कर रही है। पहली बार गांव, गरीब और किसानों को बजट के केंद्र में रखा जा रहा है।
गांव को गोद लेने और उसे आदर्श गांव बनाने की अपील प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में लाल किले की प्राचीर से की थी। कुछ सांसदों ने गांवों को गोद में लिया भी था। ऐसे में केंद्र सरकार पर किसानों की उपेक्षा का आरोप गले नहीं उतरता। कांग्रेस के कार्यकाल में गांव शहरों से नहीं जुड़े थे। यह काम बीजेपी की सरकार बनने के बाद ही हुआ है। कांग्रेस किसानों का लाभ तो नहीं करा सकती। उनका नुकसान जरूर कर सकती है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और महाराष्ट्र में किसानों ने विरोध स्वरूप सड़कों पर दूध बहाया और सब्जियां फेंकीं। सुरक्षा के मद्देनजर मध्यप्रदेश के मंदसौर में हाई अलर्ट जारी किया गया है। यहां 6 जून को राहुल गांधी किसान आंदोलन की बरसी पर आम सभा करेंगे। इस आंदोलन को गांव-बंद का नाम दिया है। कांग्रेस और उसका साथ देने वाला विपक्ष गांव और शहर को बांटने की राजनीति कर रहे हैं। गांव का किसान अगर संगठनों की अपील पर अमल करते हुए शहर को दूध और सब्जी की आपूर्ति नहीं करेगा तो इससे शहर और गांव के बीच कटुता का माहौल बनेगा, इसे किसी भी रूप में उचित नहीं ठहराया जा सकता।
गौरतलब है कि 6 जून 2017 को भीड़ ने मंदसौर के पिपलिया मंडी थाने का घेराव और पथराव के साथ लोहे और लाठियों से तोड़फोड़ की थी। भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस ने गोली चलाई थी, जिसमें 5 लोगों की गोली लगने से मौत हो गई थी। वहीं, एक शख्स पुलिस पिटाई के चलते मारा गया था। मरने वालों को विपक्ष ने किसान बताया था। इस गोलीकांड की बरसी पर किसानों के जख्म कुरेदने की विपक्ष की यह रणनीति देश को कहां ले जाएगी, विचार तो इस पर भी किया जाना चाहिए। शिवराज सिंह चौहान ने जब यहां तक कह दिया है कि अगर आप गरीब हैं तो सादा कागज पर लिख कर दे दीजिए, हम मान लेंगे, इससे बड़ी सहूलियत किसानों और मजदूरों को और क्या मिल सकती है ? अपने व्यक्तिगत लाभ के लिए राजनीतिक दल गांव और शहर के बीच नफरत की दीवार न खड़ी करें, इसी में सर्व समाज की भलाई है।

