पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री का नाम भले ममता है, लेकिन राजनीतिक विरोधियों के साथ उनकी पार्टी के आचरण को देखते हुए यह कहने को विवश होना पड़ता है कि विरोध को बर्दाश्त न करने के मामले में जर्मनी के तानाशाह हिटलर और यूएसएसआर के तानाशाह स्टालिन के समान ही क्रूरता पर उतारू हैं। तीन दशक तक बंगाल की सत्ता संभालने वाले साम्यवादियों को हटाने के लिए जिस अत्याचार को उन्होंने साहसपूर्वक सामना किया था, उसके कारण वे एक वीरांगना के रूप में पहचाने जाने लगी थीं।
गांव-गांव, घर-घर अपनी पैठ बनाए साम्यवादियों को उनके सबसे सुदृढ़ किले में अकेले दम पर पटखनी देकर ममता बनर्जी ने बंगाल को ‘जंगलराज’ से मुक्त किया था। किसे मालूम था कि जिस जंगलराज से उन्होंने बंगाल को मुक्त कराया, उसे वही अराजकता की ओर ढकेलने का काम करेंगी। राजनीतिक विरोधियों के उत्पीड़न की ऐसी नग्नता भी शायद ही किसी ने कल्पना की हो। यह शायद ही किसी ने सोचा होगा कि इस उत्पीड़न से त्रस्त होकर बीजेपी, कांग्रेस और सीपीएम एक ही मंच पर उतरकर गुहार लगायेंगे। बंगाल में पंचायत चुनाव के दौरान के गैर तृणमूल कांग्रेसियों को नामांकन दाखिल करने से रोकने के लिए जिस प्रकार की हिंसा का सहारा ममता की पार्टी ने लिया है, उसने तो साम्यवादी देशों में एक ही उम्मीदवार के पक्ष या विपक्ष में मत देने की बाध्यता को पीछे छोड़ दिया है। शायद यही कारण है कि कोलकाता उच्च न्यायालय ने अगले आदेश तक चुनाव प्रक्रिया को रोक दिया है। भारत में मतदाताओं को मताधिकार से वंचित करने और जनप्रतिनिधि मतदाताओं को किसी चुनाव में अपहरण करने की अनेक घटनाएं देश में हो चुकी हैं और हो भी रही हैं, लेकिन ऐसी घटनाएं एक ही निर्वाचन क्षेत्रों में होती हैं। किसी राज्य में व्यापक पैमाने पर निर्विरोध निर्वाचित होने के लिए विरोधियों को लहुलूहान करने का अद्भुत और अकल्पनीय अंजाम बंगाल में देखने को मिला है। ममता बनर्जी इन सारे अकल्पनीयता को साकार करने का काम करने वाली महिला हैं। जो ममता के बजाय क्रूरता की प्रतीक बन गई हैं।
तीन दशक तक सत्ता में रहते हुए मार्क्सवादियों ने कभी किसी धार्मिक समारोहों में हस्तक्षेप नहीं किया। बंगाल में कहीं भी दुर्गा पूजा या अन्य धार्मिक समारोहों को बाधित करने, किसी अन्य समारोह को तरजीह देने की साम्यवादियों के खिलाफ कोई शिकायत नहीं सुनने को मिलती थी, न किसी को राजनीतिक अथवा सांस्कृतिक समारोहों से रोका जाता था। छिटपुट कुछ घटनायें बांग्लादेशियों की बहुलता वाले क्षेत्रों में अवश्य सुनने को मिलती थी। लेकिन ममता बनर्जी राज में बांग्लादेश की सीमा से लगे क्षेत्रों में दुर्गा पूजा अपराध हो गया है। जिन्होंने भी दुर्गा पूजा करने का साहस किया वे काट दिए गए। ऐसा इसलिए हो रहा है, क्योंकि स्वयं ममता बनर्जी बड़े उल्लास के साथ नामाज पढ़ते हुई देखी जाती हैं, लेकिन किसी दुर्गा पंडाल या सरस्वती पूजा में उन्होंने कभी शिरकत नहीं किया। ममता बनर्जी के नमाज पढ़ने पर किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। लेकिन यह चर्चा इसलिए तूल पकड़ गई क्योंकि जिन लोगों ने दुर्गा पूजा, सरस्वती पूजा, हनुमान जयंती, रामनवमी के समारोहों में बाधा डाला या रोका, उन्हें ममता बनर्जी की पार्टी का संरक्षण मिला। बंगला का प्रशासन साम्यवादियों की सत्ता से भी आगे बढ़कर तृणमूल कांग्रेस का कैडर भर होकर रह गया है। आज बंगाल में हिन्दू खुद को द्वितीय श्रेणी का नागरिक समझने लगा है। प्रथम श्रेणी के नागरिक के रूप में जिन अराजक तत्वों को सत्ता का संरक्षण मिल रहा है, वे आबादी के दबाव से बंगाल को एक और विभाजन कर पूर्वी पाकिस्तान को अस्तित्ववान बनाने की साजिश में लगे हैं। ममता का उनके प्रति मोह इसलिए है क्योंकि वे न केवल थोक भाव से देते हैं अपितु जो विरोध हैं, उनका उन्मूलन करने के लिए सभी प्रकार के उपाय अपनाकर तृणमूल कांग्रेस के लिए मैदान साफ कर रहे हैं।
ममता बनर्जी ने मुख्यमंत्री के रूप में केंद्र की सत्ता से जिस प्रकार का टकराव लिया है, केंद्रीय निर्देशों को न पालन करने का सार्वजनिक ऐलान की झड़ी लगा रखी हैं, उससे ऐसा लगता है कि वे बंगाल को एक आत्मनिर्भर देश समझती हैं। शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, स्वच्छता, आर्थिक सुधार के जिन कार्यक्रमों को देशभर में केंद्रीय पहल पर अपनाया जा रहा है, ममता बनर्जी ने उनका बंगाल में प्रवेश बाधित कर दिया है। केंद्र सरकार से दो-दो हाथ करने के लिए जो गैर संवैधानिक आचरणकर्ता अरविंद केजरीवाल गली-गली माफीनामा लेकर घूम रहे हैं, उसको गले लगाकर मायावती संवैधानिक मर्यादा को चुनौती देकर यह साबित करना चाहती हैं कि नरेंद्र मोदी की केंद्रीय सत्ता का विकल्प एक मात्र वही हैं। ममता बनर्जी अपनी शासकीय क्रूरता से ध्यान बंटाने के लिए ‘इमरजेंसी से भी अधिक व्यक्तिगत अधिकारों के हनन’ के आरोप के साथ नरेंद्र मोदी का विकल्प तैयार करने निकल पड़ी हैं। उसका तो हश्र जो होगा सो होगा। लेकिन जिनका मोदी से राजनीतिक विरोध है, वे यदि बंगाल में पैर फैला रही क्रूरता की उपेक्षा करते हैं तो उसके पैठ के लिए उनका नकारात्मक रवैया दोषी माना जायेगा। कुछ बुद्धिजीवी जो नरेंद्र मोदी पर ‘तानाशाही’ रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए ‘स्वयं अभिव्यक्ति’ कर रहे हैं। उनकी फोटो ममता से मिलने पर भले ही प्रचार पा गई हो, लेकिन ऐसा करके वे क्रूरता की बेमिसालता को बंगाल में अराजकता फैलाने के लिए सहायक बन रहे हैं। यह कहा जाता है कि जो आज बंगाल में होता है उसे कल सारा देश अनुसरण करता है। तो क्या यह माना जाय कि सत्ता के विरोध को ममता बनर्जी की सरकार जिस क्रूरता के साथ दबाने का उपक्रम कर रही है, उसकी सारे देश में पुनरावृत्ति का माहौल बन रहा है।
असंतोष पर हिंसात्मक प्रतिक्रियाओं से तो ऐसा ही लगता है कि ममता बनर्जी की क्रूरता के भाव का विस्तार हो रहा है। अन्यथा कोई कारण नहीं कि जो कांग्रेस और साम्यवादी ममता बनर्जी द्वारा बंगाल में कुचले जा रहे हैं। वे देश में उनकी पहल पर मोदी विरोधी मोर्चे के गठन के प्रति अनुकूलता प्रगट कर रहे हैं। लेकिन जिस अत्याचार का मुकाबला करने के लिए ममता बनर्जी ने साम्यवादियों से संघर्ष कर सत्ता पाई हैं, उससे बढ़कर क्रूर दमनचक्र चलाकर यदि वे बंगाल की राष्ट्रवादी भावना को दबाने का स्वप्न देख रही हैं तो याद रखना चाहिए कि बंगाल फिर से एक करवट ले रहा है, उसे लाठी डंडे के बल पर रखा नहीं जा सकता। क्रूरता की अवधि लंबी नहीं होती और क्रूरता को सामान्य जन से उसी प्रकार पराजित होना पड़ता है, जैसे सब प्रकार की शक्ति और सम्पन्नता परिपूर्ण रावण वनवासियों की फौज और नंगे पाव रहने वाले दशरथ नंदन से पराजित हो गया था।
हिन्दुस्थान समाचार/राजनाथ सिंह ‘सूर्य’

