चंडीगढ़ पंजाब और हरियाणा की राजधानी होने के साथ-साथ बाबुओं का शहर भी माना जाता रहा है। देहरादून और पुणे के बाद चंडीगढ़ ही अवकाश प्राप्त अधिकारियों के लिए स्वर्ग मन जाता है। लेकिन, इस शहर से संबंध रखने वाले सचिन बंसल ने बीते दिनों तब हंगामा खड़ा कर दिया था जब उन्होंने अपनी कंपनी फ्लिपकार्ट में अपनी हिस्सेदारी को लगभग 3 हजार करोड़ रुपये में अमेरिका की वॉलमार्ट नामक कंपनी को बेच दिया। उन्होंने लगभग 11 वर्ष पूर्व ही फ्लिपकार्टकंपनी को बैंगलुरू में दो कमरों के एक फ्लैट से शुरू किया था, अपने मित्र बिन्नी बंसल के साथ। उसके बाद फ्लिपकार्ट ने ई-कॉमर्स के संसार जो कुछ करके दिखाया वह अब सारी दुनिया एक मिसाल के तौर पर जानती है। इस क्रम में सचिन बंसल ने हजारों नौजवानों को रोजगार दिया और अपनी कंपनी के हजारों अंशधारकों को लखपति और करोड़ोंपति बनाया। दरअसल देश को सैकड़ों या यूँ कहें कि हजारों सचिन बंसल जैसे उद्यमी चाहिएं। इनके पास नए आइडियाज हैं,जिनमें लीक से हटकर कुछ करने की जिद और जज्बा भी है। देखा जाए तो अब देश के जज्बाती और जुनून वाले युवा वर्ग के लिए उद्यमी बनकर देश और समाज की सेवा करने का अवसर आ चुका है। मोदी सरकार में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत जो प्रावधान किये गए हैं उसका भरपूर लाभ युवा पीढ़ी को उठाना चाहिए। इन्हें अपने कारोबार को सेटअप करने के लिए आसान शर्तों पर लोन भी मिल रहा है। फिऱ इनके पास सचिन बंसल जैसे दर्जनों उदाहरण भी है।
कहानी एचसीएल खड़ा करने वाले की
यहां पर एचसीएल जैसी महान सॉफ्टवेयर कंपनी खड़ा करने वाले दलित उधमी शिव नादर का जिक्र करना भी आवश्यक है। वे सन 1970 के आसपास तमिलनाडू से दिल्ली आए थे। रेल से ही आए होंगे वह भी स्लीपर में। तब तक तो गिनती के भारतीय हवाई यात्रा कर पाते थे। वे यहां पर अपने करियर को बनाने-संवारने आए थे। उनके पास कुछ सौ रुपये और एक अदद इंजीनियरिंग की डिग्री थी।जाहिर है कि उन्होंने तब सपने में भी नहीं सोचा होगा कि वे इस शहर के सबसे धनी इंसान बन जाएँगे। फोर्ब्स की देश के सबसे मालदार लोगों की ताजा सूची में उन्हें सातवां स्थान मिला है। अगर बात दिल्ली की करें तो वे यहां के सबसे धनी व्यक्ति हैं। आमतौर पर माना जाता है कि दिल्ली में पैसा पंजाबियों और बनियों ने सबसे ज्यादा कमाया है। पर शिव नादर इस सोच को ध्वस्त करते हैं। वे तमिल हैं। वे मूल रूप से तंजावुर जिले से है।शिव नादर की नेटवर्थ-14.3 बिलियन डॉलर है। शिव ने राजधानी में आकर कुछ साल तक डीसीएम डाटा प्रोडक्टस में नौकरी की। उसे 1976 में छोड़कर एचसीएल इंटरप्राइजेज की स्थापना की। वे पटेल नगर के एक गैराज से केलकुलेटर और माइक्रोप्रोसेसर बनाने लगे। आगे चलकर उन्होंने एचसीएल टेक्नोलॉजी की स्थापना की। अब करीब आधा दर्जन देशों में, 100 से ज्यादा कार्यालय, करीब एक लाख पेशेवर इंजीनियर उनके साथ जुड़े हैं। और नोएडा में तो शिव नाडर के दफ्तरों की भरमार है। फिलहाल,एचसीएल की 80 फीसदी आमदनी कंप्यूटर और ऑफिस इक्विपमेंट्स बेचकर ही होती है। शिव का बचपन घोर अभावों में बीता। उन्होंने शिक्षा ग्रहण करने के लिए बड़े पापड़ बेले हैं। इसलिए वे अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा बेहतर स्कूल और अन्य शिक्षण संस्थान स्थापित करने में ही निवेश करना पसंद करते हैं। वे अब नोएडा के आसपास विद्याज्ञान स्कूल व शिव नाडर यूनिवर्सिटी चलाने लगे हैं। शिव नादर ग्रामीण भारत के सबसे गरीब गांवों से प्रतिभाशाली बच्चों को चुनकर बोर्डिंग स्कूल भेजते हैं। शिव नाडर शिक्षण संस्थाओं के विकास के लिए हजारों करोड़ रुपये दान दे चुके हैं। तो देश को अब शिव नादर और सचिन बंसल जैसे उधमी चाहिए।
सुनील भारती मित्तल, कैप्टन गोपीनाथ,शिव नादर, नंदन नीलकेणी जैसे उद्यमी नौकरी कर रहे होते तो ज्यादा से ज्यादा एकाध फ्लैट और एक गाड़ी ही खरीद पाते। लेकिन, उद्यमी बनने के बाद इन्हें हजारों-लाखों लोगों को नौकरी देने का सुख मिला। यकीन मानिए कि ये सभी आपके जैसे सामान्य इंसान ही हैं। ये सफल इसलिए हो पाए, क्योंकि इनमें कुछ हटकर करने का जुनून था। ये बड़ी मेहनत और इमानदारी के रास्ते पर चले I कठिनाईयों को झेला, संघर्ष किया पर बेईमानी और शार्टकट रास्ता अपनाकर अमीरी नहीं पायीI इसलिए वे सफल उधमी बनेI अब देश को कोसने से आपको कुछ नहीं मिलेगा। अब खुद अपने लिए नई जगह बनानी होगी। आज का राजनीतिक माहौल आपको इसका अवसर प्रदान कर रहा हैI वः दिन लद गए जब नेहरु-गाँधी परिवार के चिनिंदे घरानों को ही लाइसेंस-परमिट पर एकाधिकार थाI अब तो सारा मामला ‘‘एक अदद आइडिया’’भर का है। आज देश के हर छोटे-बड़े शहर में फाइनेंस, रीयल एस्टेट, मीडिया, टेलीकॉम, सर्विस सेक्टर वगैरह में सफल हो चुके हजारों-लाखों उद्यमी बाकी के लिए प्रेरणा बन रहे हैं। ये कामयाब इसलिए ही हुए, क्योंकि,इनके पास कोई नया काम शुरू करने का शानदार आइडिया था। दरअसल कोई नया कारोबार शुरू करने वाले के रास्ते में शुरूआती पूंजी जुटाना हमेशा से ही एक चुनौती भरा कार्य रहा है। पूंजी का जुगाड़ न होने के कारण न जाने कितने लाख संभावित उद्यमियों के सपने बिखर गये। अगर आपके पास कोई आइडिया है,तो उस पर काम शुरू करें। अब सरकार नए उद्यमियों को पूंजी देने के लिए भी तत्पर है।
देश में मुद्रा बैंक योजना की शुरुआत की गई है। इस योजना को छोटे कारोबारियों को बढ़ावा देने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम माना जा रहा है। मुद्रा बैंक का पूरा नाम ‘‘माइक्रो यूनिट्स डेवलपमेंट फंड रिफाइनेंस एजेंसी’’ है। मुद्रा बैंक योजना में 10 लाख रुपये तक के सस्ते लोन बिना किसी गारंटी या बिना जमीन-मकान गिरवी रखे हुए उपलब्ध कराने का प्रावधान है। मुद्रा बैंक से देश के करीब 6 करोड़ छोटे कारोबारियों को फायदा मिल चुका है। छोटी मैन्युफैक्चरिंग यूनिटों और दुकानदारों को इससे लोन मिलेगा। बात सचिन बंसल से शुरू हुई थी। अभी वे 50 वर्ष के भी नहीं हैं। उनके पास पर्याप्त वक्त है। उनके पास तमाम आइडियाज भी हैं। वे एक और फ्लिपकार्ट जैसी कंपनी खड़ी करने का इरादा रखते हैं। उनमें लगन और अर्जुन दृष्टि है। इसलिए उनकी सफल यात्रा को कोई रोक नहीं सकता। अब बड़ा सवाल यह है कि जब सचिन बंसल सरीखे हमारे समाज के सैकड़ों-हजारों युवा सारी दुनिया के शिखर पर जा रहे हैं, तब हम क्यों कुछ हट कर नहीं कर सकते। सोचिए, आप भी सफल होंगे। हां, अगर आप नौकरी करके ही संतुष्ट है, तब फिर आप उसी का आनंद उठाइए।

