काशी के ज्ञानवापी के कथित मस्जिद के भीतर पूजा-अर्चना आरंभ हो गई है। बुधवार की देर रात के घटनाक्रम में वाराणसी ज़िला मजिस्ट्रेट ने ज्ञानवापी मस्जिद के दक्षिणी तलघर में पूजा आरंभ करने के ज़िला न्यायाधीश के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित किया।
गुरुवार को ज़िलाधीश और दक्षिणी तलघर के रिसीवर एस राजलिंगम ने कहा कि न्यायालय के आदेश का अनुपालन गुरुवार रात को सुनिश्चित किया गया जब काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट द्वारा व्यवस्थित एक पुजारी ने दक्षिणी तलघर के अंदर देवताओं की शयन आरती की। दक्षिणी तलघर के फाटकों के पास स्टील की ग्रिल काटकर एक गेट भी लगाया गया था।
अधिकारियों ने पुष्टि की कि गुरुवार सुबह मंगला आरती अनुष्ठान भी किया गया। बुधवार दोपहर को ज़िला न्यायाधीश ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट बोर्ड द्वारा नियुक्त पुजारियों द्वारा ज्ञानवापी मस्जिद के दक्षिणी तलघर के अंदर देवताओं की पूजा की अनुमति दी थी। न्यायालय ने यह आदेश आचार्य वेद व्यास पीठ मंदिर के मुख्य पुजारी शैलेन्द्र कुमार पाठक व्यास की याचिका पर जारी किया जिसमें ज्ञानवापी मस्जिद के तलघर में श्रृंगार गौरी और अन्य दृश्य और अदृश्य देवताओं की पूजा की मांग की गई थी। इससे पहले कोर्ट ने 17 जनवरी को ही ज़िलाधीश को ज्ञानवापी के दक्षिणी तलघर का रिसीवर नियुक्त कर दिया था और ज़िलाधीश ने 23 जनवरी को इस तलघर को अपने अधिकार में ले लिया था।
इससे पहले सोमवार को ज्ञानवापी मस्जिद विवाद में हिंदू पक्ष ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (Archaeological Survey of India या ASI) द्वारा साक्ष्य पाए जाने के बाद ‘वुज़ूख़ाना’ क्षेत्र को खोलने के लिए सर्वोच्च न्यायालय का रुख़ किया था जहाँ माना जाता है कि परिसर में पहले से उपस्थित एक हिंदू मंदिर के भीतर एक शिवलिंग स्थित है।
वुज़ूख़ाना मस्जिद परिसर के उस स्थान को कहते हैं जहाँ मुसलमान नमाज़ अदा करने से पहले आचमन करते हैं। मस्जिद परिसर के ASI के सर्वेक्षण को लंबित रखते हुए 2022 में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा बंद कर दिया गया था। वकील विष्णु शंकर जैन द्वारा प्रतिनिधित्व किए गए हिंदू पक्ष ने स्थगन आदेश को हटाने और ASI को ‘शिवलिंग’ को हानि पहुँचाए बिना ‘वुज़ूख़ाना’ क्षेत्र में एक और सर्वेक्षण करने की अनुमति देने के लिए एक आवेदन दायर किया।
जैन ने कहा कि ASI को ‘वुज़ूख़ाना’ क्षेत्र का अध्ययन करने की अनुमति दी जानी चाहिए क्योंकि इससे पता चलेगा कि यह एक फव्वारा है या शिवलिंग। उन्होंने कहा कि मैंने सर्वोच्च न्यायालय में एक आवेदन दायर किया है जिसमें 19 मई 2023 को दिए गए स्थगन आदेश को हटाने के लिए कहा गया है। ASI को ‘वुज़ूख़ाना’ क्षेत्र का अध्ययन और उसकी प्रकृति अध्ययन करने की अनुमति दी जानी चाहिए।
वाराणसी न्यायालय को सौंपी गई ASI रिपोर्ट में कहा गया है कि 17वीं शताब्दी में औरंगज़ेब के शासनकाल के दौरान पहले से उपस्थित संरचना को नष्ट कर दिया गया था और वर्तमान संरचना में इसके कुछ हिस्से को संशोधित और पुन: उपयोग किया गया था। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि वैज्ञानिक अध्ययनों के आधार पर यह कहा जा सकता है कि वर्तमान ढाँचे के निर्माण से पहले उसी स्थान पर एक बड़ा हिंदू मंदिर हुआ करता था।
ASI रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि वर्तमान संरचना की पश्चिमी दीवार पहले से उपस्थित हिंदू मंदिर का शेष भाग है। रिपोर्ट में एक कमरे के भीतर मिले अरबी-फ़ारसी शिलालेख का हवाला दिया गया है जिसमें कहा गया है कि मस्जिद औरंगज़ेब के 20वें शासनकाल (1676-77 ई०) में बनाई गई थी। इसलिए ऐसा प्रतीत होता है कि पहले से उपस्थित संरचना को 17वीं शताब्दी में औरंगज़ेब के शासनकाल के समय नष्ट कर दिया गया था और इसके कुछ हिस्से को वर्तमान संरचना में संशोधित और पुन: उपयोग किया गया था।
ASI रिपोर्ट में कहा गया है कि वैज्ञानिक अध्ययन व सर्वेक्षण, वास्तुशिल्प अवशेषों, उजागर विशेषताओं और कलाकृतियों, शिलालेखों, कला और मूर्तियों के अध्ययन के आधार पर यह कहा जा सकता है कि वर्तमान संरचना के निर्माण से पहले एक हिंदू मंदिर उपस्थित था।


