राजस्थान में एक सरकारी सीनियर सेकेंडरी विद्यालय की मुसलमान छात्राओं ने एक विद्यालय कार्यक्रम के समय लड़कियों के हिजाब पहनने पर आपत्ति जताने पर भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य के विरुद्ध कार्यवाही की मांग करते हुए सुभाष चौक पुलिस स्टेशन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। कई स्कूली छात्राओं ने सुभाष चौक थाने के बाहर सड़क जाम कर दी और भाजपा विधायक के विरुद्ध नारे लगाए।
लड़कियों ने विधायक से क्षमा याचना करने और उनके विरुद्ध FIR की मांग की। प्रदर्शनकारी लड़कियों ने संवाददाताओं से कहा कि विधायक वार्षिक समारोह में भाग लेने के लिए हमारे विद्यालय आए थे। हमने उनका स्वागत किया। हमें बताया गया कि हिजाब की अनुमति नहीं है। उन्होंने पूछा कि हिजाब पहनकर लड़कियाँ कैसे साँस ले सकती हैं। उन्हें क्षमा मांगनी चाहिए।
आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक रफ़ीक़ ख़ान ने भी इस विषय को राजस्थान विधानसभा में उठाने की कोशिश की, लेकिन विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें बोलने की अनुमति नहीं दी और उनके बयान को विधानसभा की कार्यवाही के रजिस्टर से बाहर कर दिया।
जब हवामहल निर्वाचन क्षेत्र से विधायक आचार्य से मुसलमान छात्राओं के विरोध के बारे में पूछा गया तो उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने विद्यालय के प्रिंसिपल से dress code के बारे में पूछा था। उन्होंने कहा कि मैंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक से पूछा कि जब 26 जनवरी को कोई कार्यक्रम होता है या सरकारी विद्यालय में कोई वार्षिक उत्सव होता है तो क्या दो अलग-अलग वस्त्रों का प्रावधान है? प्रिंसिपल ने कहा कि ऐसा नहीं है और मुझे बताया कि छात्र इसका पालन नहीं करते हैं। भाजपा विधायक ने कहा कि विद्यालय में कार्यक्रम के समय लड़कियाँ या तो हिजाब में थीं या फिर बुर्क़े में।

आचार्य ने कहा कि वहाँ दो तरह का वातावरण दिख रहा था, इसलिए मैंने प्रिंसिपल से dress code के बारे में पूछा था। उन्होंने पूछा कि विद्यालयों में दो तरह के dress codes क्यों हैं? मैं मदरसों में नहीं गया और उनसे यूनिफ़ॉर्म बदलने के लिए नहीं कहा। उनके अपने नियम हैं।
सहायक पुलिस आयुक्त (उत्तर) हेमंत जाखड़ ने पत्रकारों को बताया कि विद्यालय में एक कार्यक्रम के समय विधायक के बयान के विरोध में छात्राओं और उनके परिजनों ने सोमवार को थाने के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि छात्राओं और उनके परिजनों की मांग है कि विधायक को अपने बयान पर क्षमा मांगनी चाहिए।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने शिकायत भी दर्ज करवाई है। जाखड़ ने कहा कि मामले की जाँच की जा रही है। उन्होंने बताया कि छात्राओं और उनके परिजनों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।


