गुजरात में साम्प्रदायिक और जातीय उन्माद को पछाड़कर बीजेपी ने सत्ता में बने रहने का जो करतब दिखाया, वह कर्नाटक में पूरा नहीं कर सकी और उत्तर प्रदेश के उपचुनाव में इस उन्मादी समीकरण के आगे उसे परास्त होना पड़ा। कुमारस्वामी के शपथ ग्रहण के समय बेंगलुरु में मंच पर उपस्थित क्षत्रपों के बीच उल्लासपूर्ण माहौल और उपचुनाव में बीजेपी को मिली असफलता से यह कयास लगाया जा रहा है कि 2019 के लोकसभा चुनाव के समय बेंगलुरु मरित सभी क्षेत्रीय पार्टियां बीजेपी से सत्ता छीनने के लिए एक-एक के मुकाबले एक उम्मीदवार खड़ा करने की सहमति जुटा लेंगी। मोदी को सत्ताच्युत किया जा सकेगा। बीजेपी से सीधा मुकाबला की भविष्यवाणी करने वाले यद्यपि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता और विपक्षी दलों में एक नेतृत्व की सहमति के अभाव को बड़ी बाधा मानते हैं।पिछले चुनाव में जनता के मन में एक दलीय शासन का जो भाव उत्पन्न हुआ था उसे खण्डित करने की पुरजोर कोशिश हो रही है। राजनीतिक दलों के अलावा साम्प्रदायिक और मजहबी संगठनों के बाह्य स्रोत को बंद कर दिये जाने के कारण भी भारी क्षोभ है। देश में समरसता के माहौल को बिगाड़ने के लिए सक्रिय होने का मौका मिल गया है। विभिन्न प्रकार के जातिगत हित साधने वाले आन्दोलन फिर से खड़े किये जाने लगे हैं। वहीं बीजेपी को अपने नेतृत्व की लोकप्रियता पर पूरा भरोसा है। विभिन्न आकलनकर्ताओं ने यह अनुमान लगाया है कि भले ही बीजेपी की लोकप्रियता कम हुई है पर नरेन्द्र मोदी की अभी भी 72 प्रतिशत समाज में लोकप्रियता कायम है और चूंकि 2019 का चुनाव नरेन्द्र मोदी बनाम अन्य सभी का होगा, इसलिए बीजेपी पुनः केन्द्र में सत्तारूढ़ हो जायेगी। क्या बीजेपी को इस आकलन के सहारे धरातलीय विषमताओं को नजरअंदाज कर 2019 के अभियान में जुटना चाहिए या फिर जातीय उन्माद और साम्प्रदायिक विद्वेष की वास्तविकता का संज्ञान लेकर अपनी रणनीति निर्धारित करनी चाहिए। यद्यपि गरीबों और किसानों के लिए बेहतर योजनाओं और उसके क्रियान्वयन के बावजूद उपचुनाव में यही तत्व उस पर भारी पड़ गये।
यह भी विचारणीय है कि क्या बीजेपी को इसी काम से असफलता मिली या उसको अपने संगठन की वर्तमान स्थिति और राज्य सरकारों द्वारा विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में नौकरशाही के भरोसे रहने से उसका सम्यक लाभ लाभार्थियों को न मिल पाने के कारण की समीक्षा करनी चाहिए। बीजेपी में एक अरसे से यह सुबगुबाहट है कि उस पर कांग्रेसी संस्कार और रीति-नीति हावी होती जा रही है। पार्टी में गणेश परिक्रमा या नेताओं के इर्द गिर्द रहने वालों का महत्व बढ़ता जा रहा है और आम कार्यकर्ता जो चुनाव के समय सारा बोझ उठाता है, उपेक्षित हो रहा है। संसद के केन्द्रीय कक्ष में पिछले दिनों कई सांसदों ने यही शिकायत सुनाई। मैंने उनसे जानना चाहा कि यह बात वह पार्टी के नेताओं से क्यों नहीं कहते। उनकी तत्काल प्रतिक्रिया थी कि संसदीय दल की बैठक में हम केवल सुनते हैं, बोलते नहीं। क्या यही स्थिति संगठन में भी है। संवाद से समझ बढ़ाने वाली संस्था में यदि संवादहीनता की ऐसी अवधारणा पनप रही है, तो उसका निराकरण करने की जिम्मेदारी जिन लोगों पर है, उन्हें स्थिति विस्फोटक होते जाने के पूर्व इसका संज्ञान लेना चाहिए। अटल बिहारी वाजपेयी ने 2004 में जब लोकसभा का चुनाव कराने का फैसला लिया था, उस समय उनकी सरकार की इमेज बहुत अच्छी थी। आज मोदी सरकार की इमेज उससे भी ऊंची है। भ्रष्टाचार को खत्म करने में या गरीबों के लिए निर्धाारित कदम उठाने के बावजूद उनकी नीति सर्वग्राही और सर्वस्पर्शी बनने की बजाए निहित स्वार्थी लोगों का पोषण साबित करने के प्रयास को विश्वसनीयता देती जा रही है। धर्म और साम्प्रदायिकता के आधार पर भेदभाव न करने की नीति और उस पर अमल में कहीं भी दोष ढूूंढ पाने में असफल लोगों ने जिस प्रकार तीन तलाक के मसले पर मुस्लिम महिलाओं के साथ खड़े होने को मजहबी मामलों में हस्तक्षेप और गोरक्षकों द्वारा की गयी हिंसा को प्रधानमंत्री द्वारा गुण्डागर्दी कहने के बावजूद साम्प्रदायिक भय दोहन के लिए उभारा है, जिसके परिणाम भी हुए हैं। बीजेपी इस मानसिकता के प्रभाव से बन रहे वोटबैंक की स्थिति से कैसे निपटेगी। क्या उसे संज्ञान है कि जिस प्रकार वाजपेयी के प्रति अगाध विश्वास वोट बैंक की स्थानीय परिस्थिति का आकलन कर कुछ पार्टियां चुनाव से पहले आंसू बहाते हुए उससे अलग हो गयीं थी, वैसे ही स्थिति की पुनरावृति नहीं होने जा रही है, क्योंकि तेलुगूदेशम ने निकलकर और शिवसेना ने साथ रहकर जो कदम उठाया है उससे न केवल कुछ अन्य छोटे दल जो साथ हैं, मुखरित हुए हैं, बल्कि बीजेपी ने 2014 में जिन व्यक्तियों को साथ लिया था, उनकी भी छड़पटाहट बढ़ गयी है। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने गुजरात चुनाव के समय 50 प्रतिशत मत प्राप्त करने की घोषणा की थी। बाद की प्रतिक्रियाओं में भी उन्होंने पचास प्रतिशत मत प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उनका अनुमान है कि यह लक्ष्य नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता, भ्रष्टाचार विहीन सरकार, जन हितकारी योजनाओं का क्रियान्वयन और संगठनात्मक ताने बाने के सहारे प्राप्त किया जा सकेगा।
गुजरात के चुनाव में वांछित संख्या में सीटें न पाने के बावजूद सरकार बनाने में उसे जो सफलता प्राप्त हुई है तथा कर्नाटक के चुनाव में बहुत ही मामूली अन्तर से सरकार बनाने से वंचित रह जाने के कारण उभरे स्वरूप में इस दावे के अनुरूप मानसिकता बनाने के लिए बीजेपी को अहर्निश प्रयास करना होगा। क्योंकि उप चुनाव के परिणाम भले ही आंधी के समान अल्पकालिक हों, लेकिन काफी क्षति पहुुंचाने वाले साबित होते हैं। सत्ता के विपरीत का प्रचार सदैव प्रभावी रहा है। उसकी काट कर पाने के लिए नरेन्द्र मोदी की जो व्यक्तिगत छवि गुजरातियों में थी क्या वैसी ही राजस्थान,गुजरात और छत्तीसगढ़ में भी है, क्योंकि इन तीन राज्यों में इसी वर्ष होने वाले चुनाव में बीजेपी को गुजरात के समान ही सत्ता में बने रहने की चुनौती का सामना करना पड़ेगा। उसके परिणाम पर 2019 का चुनाव परिणाम निर्धारित होगा। यह मानकर चलना कि उपचुनाव और राज्यों के चुनाव पर 2019 का चुनाव नरेन्द्र मोदी की व्यक्तिगत लोकप्रियता के कारण प्रभाव नहीं डाल सकेगा, स्थिति का सही आकलन नहीं होगा। कांग्रेस का इस समय लक्ष्य अपना प्रधानमंत्री बनाने के बजाए बीजेपी को पराजित करना हो गया है और उसके लिए वह कर्नाटक के समान अन्य राज्यों में भी क्षेत्रीय दलों के सामने आत्मसमर्पण करने की भूमिका में हैं। उसके इस आत्मसमर्पण में विभिन्न कारणों से कांग्रेस से अलग होकर बने क्षेत्रीय दलों और समाजवादी टूटन से बने घरेलू राजनीतिक दलों तथा जातीय आकांक्षाओं के उभार से पनपे राजनीतिक व्यक्तियों में एकजुटता की जो ललक पैदा की है, उसको नजरंदाज नहीं किया जा सकता। भले ही कांग्रेस के रूख पर संदेह बना हो। विश्वसनीयता का प्रश्नचिन्ह लगा हुआ है। बीजेपी के सामने 2019 के लिए आ रही बाह्य चुनौतियों का उतना खतरा नहीं है, जितना विजयी होने पर आह्लादित होने वाली निष्क्रियता और पराजय के समय निराश होकर शल्य मानसिकता खतरनाक है। बीजेपी इस समय दोनों से प्रभावित है। चाल चलन, चरित्र और चेहरा की वास्तविक स्थिति के प्रति प्रतिबद्ध होकर जिस समरसता के सहारे उसने लोगों का विश्वास हासिल किया है, उसका अभाव यदि ब्यूरोक्रेटिक रीति नीति के कारण पड़ रहा है तो उसे वाद से नहीं संवाद से दूर किया जा सकता है। बीजेपी में इस संवादहीनता की भी थोड़ी सी भी पैठ व्यक्ति या परिवारपरख राजनीति के प्रभाव से अधिक प्रभावशाली इसलिए मालूम पड़ने लगी है, क्योंकि उसके अधिकांश कार्यकर्ता निःस्वार्थ भाव से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर काम करते हैं और जब उन्हें अफवाहों द्वारा ही सही निहित स्वार्थियों के पोषण और प्रभाव का आभास होता है तो उससे उत्पन्न निराशा का चुनावी सफलता को सबसे अधिक प्रभावी करती है।

