उपचुनावों में बीजेपी की पराजय पर विरोधी जश्न कितना जायज?

मीडिया में अभी से 2019 की धुन सवार हो गयी हैं, जिसमें बहुत सारे टिव्स्ट आने बाकी हैं

242
कर्नाटक विधानसभा चुनावों के बाद लोकसभा की चार व विधानसभा की दस सीटों पर हुए उपचुनावों में विपक्ष का गठबंधन काफी हद तक सफल रहा है। इससे अब संपूर्ण मोदी विरोधी ताकतों को लग रहा है मानो उन्हें देशभर में चल रही मोदी लहर को पूरी ताकत के साथ रोकने के लिए महागठबंधन के रूप में एक बड़ा हथियार मिल गया है। आज के समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार व भारतीय जनता पार्टी अपनी सरकार के चार साल पूरा होने की खुशी में जहां जश्न मनाने की तैयारी कर रही थी उसमें इन परिणामों ने बीजेपी के माथे पर चिंता की जबर्दस्त लकीरें तो खींच ही दी है। पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल न गिर चला जाये इसलिये बीजेपी हाईकमान ने सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को एक कार्यक्रम भी दे दिया है। पार्टी ने अपना जनसंपर्क अभियान भी शुरू कर दिया है।
पीएम मोदी अपने भाषणों में बार-बार यह कह रहेे हैं कि देश बड़े बदलाव की ओर बढ़ रहा है। उपचुनावों के परिणाम और उसके बाद उपजी विपरीत परिस्थितियों का यदि आंकलन किया जाये तो यह साफ संकेत मिल रहे है कि देश वाकई बड़े बदलाव की ओर अग्रसर हो रहा है। आज देश का पूरा का पूरा विपक्ष पूरी ताकत लगाकर केवल मोदी और बीजेपी को सत्ता से हटाने के लिये एक हो रहा है। अभी शुरूआती दौर में बड़ी सफलता मिलती दिख भी रही है। जिसके कारण अब टीवी चैनलों में बहस का तरीका बदल गया है और मीडिया के माध्यम से एक ऐसा माहौल तैयार किया जाने लगा है कि बस अब मोदी और योगी जी के जाने का समय बहुत जल्द आ गया है। वर्तमान समय में बीजेपी को हराने के लिए प्रदेश में एक साथ बहुत सारे फैक्टर खड़े हो गये थे। जिस पर भी समय रहते ध्यान देना व उनकी कमियों को दूर रहना बेहद जरूरी हो गया है। यूपी में बीजेपी की सरकार बने अब एक साल हो गया हैं। लोकतंत्र में वैसे तो किसी भी सरकार के कामकाज कदेने का समय बहुत कम होता है लेकिन यूपी सरकार के लिए विरोधी दलों ने एक इस प्रकार का झूठा वातावरण बनाने में सफलता पा ली कि प्रदेश में जनता की भलाई का कोई काम नहीं हो रहा।
कैराना व नूरपुर की हार का गहन अघ्ययन व चिंतन बेहद जरूरी है। यहां पराजय के कई कारण एक साथ पैदा हो गये। कैराना व नूरपुर में मुस्लिम मतों का ध्रुवीकरण हो गया। यहां पर पूरा का पूरा विपक्ष पूरी ताकत के साथ एकजुट हो गया था। जिसमें मुस्लिम धर्मगुरूओं ने रमजान के महीने में बीजेपी को हराने के लिए मुसलमानों से अपील कर डाली और चर्च भी सामने आ गया। वहीं गन्ना भुगतान को लेकर गन्ना किसानों की नाराजगी व एससी एसटी एक्ट को लेकर विरोधी दलों की ओर से बीजेपी के खिलाफ किये गये प्रचार ने भी हिंदुत्व, सहानुभूति व विकास की राजनीति को हराने में बड़ी भूमिका अदा की है। यहां पर बीजेपी का परम्परागत वोटर भी तेज गर्मी, ईवीएम मशीनों के खराब होने सहित बालू, मौरंग, सीमेंट की लगातार बढ़ती कीमतों व उसी समय पेट्रो उत्पादों की बढ़ती कीमतों से नाराजगी के चलते भी वोट डालने नहीं निकला जिसके कारण भी बीजेपी की पराजय हो गयी। कैराना व नूरपुर में बीजेपी की पराजय होने के बाद अब तरह-तरह की कहानियां बनायी जा रही हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि उपचुनावोें के दौरान ही बीजेपी के दो दर्जन से अधिक विधायकों से रंगदारी मांगी गयी और ऐसा न करने पर उनको जान से मरने की धमकी भी दी गयी। लेकिन सबसे बड़ी बात यह है कि चुनाव परिणाम आने के बाद ही विधायकों को धमकी देने का सिलसिला थम गया है। उसी समय सीतापुर में आदमखोर कुत्तों ने आतंक मचा डाला था। जिसका विरोधी दलों के नेताओं ने खूब प्रचार किया।
समाजवादी पार्टी नेताओं ने कहा कि यह सरकार अपने विधायकों की सुरक्षा नहीं कर पा रही है और नहीं आदमखोर हो रहे कुत्तों से योगी सरकार बचा पा रही है। जिसका मनोवैज्ञानिक असर बीजेपी के कार्यकर्ता और मतदाता पर पड़ा है। फिर भी कैराना व नूरपुर में बीजेपी के उम्मीदवारों ने लाख बीजेपी विरोधी माहौल होने के बाद काफी अच्छा संघर्ष किया है। अगले आम चुनावों तक यदि बीजेपी जाट नेताओं और गन्ना किसानों को खुश करने में सफल हो जाती है तब यहां का परिदृश्य एक बार फिर बदल सकता है। विपक्षी दल अब मोदी व योगी जी को रोकने के लिये बेहद शातिर तरीके से नयी चालें चल रहे हैं। गोरखपुर व फूलपुर के लोकसभा चुनावों में मतदान के पहले से ही ईवीएम की मशीनों को एक बड़ा मुद्दा बना दिया गया तथा लगातार यह झूठा प्रचार किया गया कि बीजेपी के दबाव में प्रशासनिक मशीनरी का दुरूपयोग करके विपक्षी उम्मीदवार को हराने की साजिशें रची जा रही हैं। विपक्ष ने बीजेपी सरकार के खिलाफ कैराना व नूरपुर में भी साजिशें रचने का झूठा आरोप लगाया। विपक्ष केवल यही आरोप बार-बार लगा रहा है कि बीजेपी ईवीएम मशीनों में गड़बड़ी कर रही हैं। आज देश का तथाकथित विपक्ष मोदी जी और अमित शाह की जोड़ी से लगातार पराजय झेल रहा है अब केवल झूठे आरोप लगाकर तथा महागठबंधन के सहारे ही बीजेपी को पराजित करने के सपने देखने लग गया है। यदि इन दलों की ताकत के बल पर देखा जाये तो महागठबंधन बीजेपी को बुरी तरह से परेशान तो कर सकता है। अब इन दलों ने बीजेपी के खिलाफ किसानों का गांव बंद आंदोलन करके एक नया बड़ा सिरर्द पैदा करने का प्रयास किया हैं। बीजेपी आलाकमान के लिये यह समय बेहद सर्तकता का हो गया है।
महागठबंधन के साथ ही साजिशों का अंतहीन दौर शुरू हो चुका है। टी.वी. मीडिया में तो 2019 की एक अंधी दौड़ अभी से ही शुरू हो गयी है। जबकि अभी लोकसभा चुनावों के लिये पर्याप्त समय है। विपक्ष ने अपना कोई नेता नहीं चुना है। लेकिन कौन दल किधर जा रहा है यह लगभग धीरे-धीरे साफ हो रहा है। लोकसभा चुनावों की रणभेरी बजने से पहले अभी देश की राजनैतिक परिदृश्य में बहुत सारे नाटकीय परिवर्तनों का दौर शुरू होना है। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह व यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित पीएम नरेंद्र मोदी की जोड़ी के पास विपक्ष का सारा खेल बिगाड़ देने का पर्याप्त समय है। यूपी में समाजवादी पार्टी और बीएसपी के नेता कई घोटालों और आपराधिक वारदातों में फंसे हैं। कांग्रेस के कई नेता विभिन्न घोटालों में फंसे हैं, जिनकी जांच लगातार आगे बढ़ रही है।
सुप्रीम कोर्ट से कई बड़े व ऐतिहासिक फैसले आने बाकी हैं। इसलिए अभी सभी मोदी विरोधी ताकतों को जितनी खुशी मनानी है, मना लें। क्योंकि, अभी तो बीजेपी ने अपने पत्ते खोले भी नहीं है। बस यह समय बीजेपी के लिये आत्मचिंतन व अपने पुराने एजेंडे पर वापस आने केे साथ ही हिंदुत्व और विकास के मुददे के साथ आगे बढ़ने का है। इस समय मोदी सरकार को अपने रूके हुए ऐतिहासिक बिलों को संसद का संयुक्त अधिवेशन बुलाकर पास करवाना चाहिए, क्योंकि इस समय विपक्ष का जो मूड दिखलायी पड़ रहा है वह आगामी संसद के सत्र भी नहीं चलने देगा। अगर आने वाले समय में सुप्रीम कोर्ट से राम मंदिर के पक्ष में फैसला आ जाता है तो पूरी कहानी फिर बदल जायेगी। मीडिया में अभी से 2019 की धुन सवार हो गयी हैं, जिसमें बहुत सारे टिव्स्ट आने बाकी हैं।

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.