HomeNewsक्या है 'सूर्य नमस्कार' जिसके राजस्थान के स्कूलों में अनिवार्य होते ही...

क्या है ‘सूर्य नमस्कार’ जिसके राजस्थान के स्कूलों में अनिवार्य होते ही फिर उठा विवाद

सूर्य नमस्कार न ही सूरज को देवता मानकर पूजना है जैसा मानकर मुसलमान इसपर आपत्ति उठाते हैं और न ही योगासनों की शृंखला है जैसा इस क्रिया के समर्थक मानते हैं

राजस्थान सरकार ने पूरे राज्य के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में सुबह प्रार्थना सभा के समय 10 मिनट के लिए सूर्य नमस्कार अनिवार्य कर दिया है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने गुरुवार को सूर्य सप्तमी (रथ सप्तमी) के अवसर पर शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए यह आधिकारिक जानकारी दी।

राजस्थान के शिक्षा मंत्री ने कहा कि उन्होंने सभी अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए हैं। सूर्य नमस्कार का अभ्यास शरीर और दिमाग को स्वस्थ रखता है। सभी विद्यालयों में प्रार्थना के समय 10 मिनट तक इसका पालन किया जाएगा।

मंत्री ने कल दिए अपने एक बयान को भी दोहराया कि स्कूल के घंटों के समय ‘नमाज़’ पढ़ना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जो शिक्षक या कर्मचारी ‘सलाह’ (‘नमाज़’ की अरबी) अदा करना चाहते हैं, उन्हें पहले से लिखित स्वीकृति के साथ छुट्टी लेनी होगी।

राजस्थान के शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में राज्य भर से लगभग 1 करोड़ 33 लाख लोगों ने सुबह 10:30 से 11 बजे के बीच सूर्य नमस्कार किया। आयोजन का प्रमाण लंदन स्थित वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स को जमा कर दिया गया है जिसका एक अस्थायी प्रमाण पत्र गुरुवार दोपहर को प्राप्त हुआ।

पत्रकारों को संबोधित करते हुए दिलावर ने कहा कि विभाग उन विद्यालयों के विरुद्ध कार्रवाई करेगा जो कार्यक्रम में भाग नहीं लेंगे। उन्होंने कहा कि अब तक उन्हें सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का विरोध करने वाले किसी व्यक्ति की कोई जानकारी नहीं मिली है। लेकिन जिन्होंने इसमें भाग नहीं लिया, उनके ख़िलाफ़ उचित कार्रवाई की जाएगी।

कुछ मुसलमान संगठनों ने अपने समुदाय के लोगों से अपील की थी कि वे इस कार्यक्रम में हिस्सा न लें क्योंकि यह उनकी मज़हबी मान्यताओं के ख़िलाफ़ है। पर मंत्री ने कहा कि उन्हें कई मुस्लिम “भाइयों और बहनों” से समर्थन के संदेश मिले हैं।

मुसलमानों ने उठाई सूर्य नमस्कार पर आपत्ति

राजस्थान सरकार द्वारा निर्देश जारी होते ही वही विवाद एक बार फिर शुरू हो गया है जो कई भाजपा शासित राज्यों में ऐसे निर्देशों के जारी होते ही दशकों से होता रहा है। राज्य सरकार के निर्देश को चुनौती देते हुए गुरुवार के सूर्य नमस्कार कार्यक्रम से पहले सोमवार को उच्च न्यायालय में दो याचिकाएँ दायर की गईं। पहली याचिका मुस्लिम फ़ोरम ने बतौर संगठन दायर की थी और दूसरी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के राज्य महासचिव काशिफ़ ज़ुबेरी ने। इनमें कहा गया था कि यह क़दम असंवैधानिक है क्योंकि यह संविधान के अनुच्छेद 25 का उल्लंघन करता है जो प्रत्येक नागरिक को अपने मज़हब का अभ्यास और प्रचार करने की स्वतन्त्रता देता है।

पर राजस्थान उच्च न्यायालय ने बुधवार को राजस्थान मुस्लिम फ़ोरम द्वारा हर विद्यालय में असेंबली के दौरान सूर्य नमस्कार को अनिवार्य करने के राज्य सरकार के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका ख़ारिज कर दी। फ़ोरम के वकील सआदत अली ने कहा कि अदालत ने इस तकनीकी आधार पर फ़ोरम की याचिका ख़ारिज कर दी कि फ़ोरम एक पंजीकृत संगठन नहीं है और इसलिए वे नियमों के अनुसार एक संगठन के रूप में ऐसी याचिका दायर नहीं कर सकते।

वहीं उच्च न्यायालय का कहना था कि याचिकाकर्ता नई रिट याचिका दायर करने की स्वतंत्रता के साथ इस रिट याचिका को वापस लेना चाहते हैं। याचिका को उपरोक्तानुसार स्वतंत्रता के साथ ख़ारिज किया जाता है।

अदालत के निर्णय पर प्रतिक्रिया देते हुए मंच के महासचिव और याचिकाकर्ताओं में से एक मुहम्मद नाज़िमुद्दीन ने कहा कि न तो अब नई याचिका दायर करने का कोई मतलब है और न ही अगली सुनवाई की तारीख़ तय करने का कोई मतलब है क्योंकि सूर्य नमस्कार कार्यक्रम बिना किसी आपत्ति के 15 फरवरी को आयोजित किया जाएगा हालांकि सरकार किसी को ऐसा करने के लिए मजबूर नहीं कर सकती।

सूर्य नमस्कार योग नहीं बल्कि सूर्य की पूजा है। एक ईश्वर में विश्वास रखने वाले लोग अल्लाह के अलावा किसी की पूजा नहीं करते… यह अन्य धर्मों पर धार्मिक प्रथाओं को थोपना के क़ानून के ख़िलाफ़ है। हमें उन लोगों से कोई शिकायत नहीं है जो सूर्य नमस्कार करना चाहते हैं, लेकिन वे इसे उन लोगों पर ज़बरदस्ती क्यों थोप रहे हैं जो सूर्य को भगवान के रूप में नहीं पूजते? हमने अपने समुदाय में बच्चों के अभिभावकों से कहा है कि वे अपने बच्चों को सूर्य नमस्कार से संबंधित किसी भी कार्यक्रम से दूर रहने के लिए कहें।

नाज़िमुद्दीन का बयान

परंतु राज्य के शिक्षा मंत्री दिलावर के अनुसार

हर कोई जानता है कि सूर्य भगवान सभी को प्रकाश देते हैं, सभी के जीवन से अंधकार को दूर करते हैं और उनकी रोशनी हमें कई बीमारियों से बचाती है। उनकी पूजा करना महत्वपूर्ण है. यह सिर्फ एक पूजा है. माननीय उच्च न्यायालय भी जानता है कि सूर्य किसी के साथ भेदभाव नहीं करता है और जो सभी को जीवन दे रहा है, उसके सामने झुकना महत्वपूर्ण है… हम कल सुबह सूर्य नमस्कार करेंगे।

क्या है सूर्य नमस्कार

क्या सूर्य नमस्कार का अर्थ है सूरज को देवता मान कर प्रणाम करना? नहीं। अधिकांश लोग जानते हैं कि यह 12 योगासनों की एक शृंखला है। परंतु क्या इतिहास इस अवधारणा की पुष्टि करता है?

इस आसन अनुक्रम को पहली बार 20वीं शताब्दी की शुरुआत में योग के रूप में दर्ज किया गया था हालांकि इससे पहले भारत में इसी तरह के अभ्यास उपयोग में थे, जैसे कि पहलवानों के बीच। मूल अनुक्रम में खड़े होने की स्थिति से नीचे और ऊपर की ओर कुत्ते की मुद्रा में जाना और फिर वापस खड़े होने की स्थिति में आने की क्रिया होती है, लेकिन क्रिया में कई भिन्नाताएँ संभव हैं। 12 आसनों की शृंखला हिन्दू सौर देवता सूर्य को समर्पित है। कुछ भारतीय परंपराओं में प्रत्येक पद एक अलग मंत्र से जुड़ा होता है।

पर इतिहास की पुस्तकों को ज्ञान का आधार बनाया जाए तो सूर्य नमस्कार की सटीक उत्पत्ति अनिश्चित है, लेकिन इस अनुक्रम को 20 वीं शताब्दी की शुरुआत में औंध के राजा भवनराव श्रीनिवासराव पंत प्रतिनिधि द्वारा लोकप्रिय बनाया गया था और मैसूरु के प्रासाद में कृष्णमाचार्य द्वारा योग में अपनाया गया था जहाँ सूर्य नमस्कार की कक्षाएं चला करती थीं। उस कालखण्ड में इन आसनों को योग नहीं माना जाता था बल्कि योग की कक्षा से परे यह कसरत व्यायामशाला में की जाती थी।

सूर्य नमस्कार की उत्पत्ति आज भी अस्पष्ट है। भारतीय परंपरा में 17वीं शताब्दी के संत समर्थ रामदास को सूर्य नमस्कार अभ्यास का प्रणेता माना गया है पर उस समय के साहित्य से यह स्पष्ट नहीं है कि संत की क्रियाओं में कौन से व्यायाम शामिल थे। फिर 1920 के दशक में औंध के राजा भवनराव श्रीनिवासराव पंत प्रतिनिधि ने इस प्रथा को लोकप्रिय बनाया और इसका सूर्य नमस्कार नाम दिया। उन्होंने अपनी 1928 की पुस्तक The Ten-Point Way to Health: Surya Namaskars में इसका वर्णन किया। यह दावा किया गया है कि पंत प्रतिनिधि ने इसका आविष्कार किया था, लेकिन पंत ने स्पष्टीकरण दिया कि यह पहले से ही एक सामान्य मराठी परंपरा थी।

रामायण के सर्ग 107 के युद्ध कांड में वर्णित प्राचीन लेकिन सरल आदित्य हृदयम् जैसे सूर्य नमस्कार आधुनिक अनुक्रम से संबंधित नहीं हैं।

मानवविज्ञानी जोसेफ़ ऑल्टर का कहना है कि 19वीं शताब्दी से पहले किसी भी हठ योग पाठ में सूर्य नमस्कार दर्ज नहीं किया गया था। उस समय सूर्य नमस्कार को योग नहीं माना जाता था और इसकी मुद्राओं को आसन नहीं माना जाता था।

व्यायाम के रूप में योग के प्रणेता योगेन्द्र ने योग के साथ सूर्य नमस्कार के ‘अंधाधुंध’ मिश्रण की आलोचना करते हुए लिखा था कि यह मिलावट “ग़लत जानकारी वाले” लोग कर रहे हैं। [स्रोत — श्रीवत्स रामस्वामी की पुस्तक Yoga Body: The Origins of Modern Posture Practice, Oxford University Press]

योग विद्वान-चिकित्सक नॉर्मन सोजमन के अनुसार आधुनिक योग के जनक कृष्णमाचार्य पारंपरिक और बहुत पुराने भारतीय पहलवानों के अभ्यासों का प्रयोग करते थे जिन्हें दंड (संस्कृत अर्थ में डंडा) कहा जाता था जिसका वर्णन अनुक्रम के आधार के रूप में और उसके परिवर्तनशील विन्यास के लिए 1896 की पुस्तक व्यायाम दीपिका में किया गया है। इतना अवश्य है कि अलग-अलग दंड सूर्य नमस्कार के ताड़ासन, पादहस्तासन, चतुरंग दंडासन और भुजंगासन से काफ़ी मिलते-जुलते हैं।

आधुनिक काल में कृष्णमाचार्य द्वारा सिखाए गए पट्टभि जोइस और बीकेएस अय्यंगार जैसे अग्रणी योग शिक्षकों ने दुनिया भर में अपने विद्यार्थियों को सूर्य नमस्कार से प्राप्त आसनों के परिचित करवाया।

- Advertisement -

Expositions

How Bal Gangadhar Tilak transformed Ganesh Chaturthi

How Bal Gangadhar Tilak transformed Ganesh Chaturthi from a private household ritual into a grand public festival, uniting communities and fuelling India’s freedom movement

Kali Puja vs Lakshmi Puja: 5 Divine Contrasts Between Diwali In Bengal & North India

Kali Puja vs Lakshmi Puja: The historical, theological and cultural roots of the difference between Diwali celebrations in Bengal and north India explained

Why Gupt Navratri is observed, how, when and by whom

Adhering to the rituals associated with Gupt Navratri, as mentioned in Devi Bhagavata Purana, is believed to bring wealth, prosperity, and happiness into one's life
Swadharma
Swadharmahttps://swadharma.in/
Swadharma is a one-stop web destination for everything Hindu. We will cover history, theology, literature and rituals of all sects of Hinduism one by one besides news of the state of the Hindu community worldwide through videos, podcasts, reports and articles.

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

More like this

Conversion mafia का फैलता जाल

Conversion mafia पर ग़रीब की मजबूरी, आस्था पर प्रहार के आरोप और हिंदू समाज की चिंता: कहाँ खड़ी है क़ानून की लड़ाई

Kali Puja vs Lakshmi Puja: 5 Divine Contrasts Between Diwali In Bengal & North India

Kali Puja vs Lakshmi Puja: The historical, theological and cultural roots of the difference between Diwali celebrations in Bengal and north India explained