उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को यह घोषणा करते हुए कि कोर्ट के आदेश पर ज्ञानवापी परिसर के दक्षिणी तलघर में पूजा शुरू कर दी गयी है कहा कि हम इसे 2017 में शुरू कर सकते थे जब हम सत्ता में आए, लेकिन हमने न्यायालय के निर्णय की प्रतीक्षा की। लखनऊ में श्री गुरु वशिष्ठ न्यास ट्रस्ट द्वारा आयोजित दो दिवसीय संगोष्ठी, ‘राम दरबार’ में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए मौर्य ने कहा कि हम जानते हैं कि मुलायम सिंह सरकार ने कैसे हिंदू भक्तों को 1993 में ज्ञानवापी परिसर के अंदर के क्षेत्र ‘व्यासजी के तहख़ाने’ के अंदर पूजा करने से रोका था। उन्होंने कहा कि —
जब हमने 2017 में पदभार संभाला था तो हम दरवाज़े खोल सकते थे क्योंकि इसे बंद करने का कोई अदालती आदेश नहीं था, लेकिन हमने क़ानूनी रास्ता चुना। अदालत के फ़ैसले के बाद जब इस जगह पर प्रार्थनाएं बहाल हो गईं तो खुशी की लहर केवल भारतीय भक्तों के बीच नहीं है बल्कि दुनिया भर में सनातन के अनुयायियों के बीच है।
भारत के गौरव को बहाल करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए मौर्य ने कहा कि —
22 जनवरी का दिन इतिहास में दर्ज हो गया है जब रामलला को तंबू से एक भव्य मंदिर में स्थानांतरित किया गया था।
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के प्रोफ़ेसर आनंद रंगनाथन ने कहा कि —
राम उत्तर को दक्षिण और पूर्व को पश्चिम से जोड़ते हैं और पूरे देश को प्रभावित करते हैं। जो कोई भी दावा करता है कि भारत 1947 में अस्तित्व में आया, वह इसे फिर से 600 टुकड़ों में बाँटना चाहता है।
लेखिका अमी गनात्रा ने कहा कि भारत राज्यों का संघ नहीं बल्कि एक बड़ा संपूर्ण राष्ट्र है।
लेखक पंकज सक्सेना ने कहा कि देश में अलग-अलग संस्कृतियां और बोलियां हैं, लेकिन सनातन धर्म के मंदिर पूरे भारत को जोड़ते हैं।
हिन्दुत्त्व विचारक वीर सावरकर के परपोते रणजीत सावरकर ने कहा कि —
उन्होंने (सावरकर ने) संगीत के मौजूदा नौ रसों में एक रस जोड़ा। और वह था देशभक्ति। यह सावरकर ही थे जिन्होंने हिंदू समाज में अस्पृश्यता उन्मूलन पर आंदोलन का नेतृत्व किया था जब उन्हें रत्नागिरी जेल में बंद कर दिया गया था।


