ज्ञानवापी मस्जिद पर वाराणसी न्यायालय के आदेश पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा नेता उमा भारती ने बुधवार को मांग की कि काशी और मथुरा में मूल स्थानों पर मंदिर बनाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंदुओं को पूजा का अधिकार मिलना चाहिए। विश्व हिंदू परिषद ने भी न्यायालय के आदेश की सराहना की हालांकि भाजपा ने इस मामले पर टिप्पणी नहीं की।
वाराणसी की ज़िला न्यायालय ने आज एक पुजारी के परिवार को ज्ञानवापी मस्जिद के तहख़ाने में हिंदू देवताओं की पूजा करने की अनुमति दे दी।
उमा भारती ने कहा कि उन्होंने 1993 में ज्ञानवापी की दीवारों पर लगी मूर्तियों की पूजा की थी। उन्होंने कहा कि वाराणसी ज़िला न्यायालय के निर्णय के बाद वे फिर अनुरोध करेंगी कि अयोध्या की तरह मथुरा और काशी में भी मूल स्थानों पर मंदिर बनाए जाएँ और पूजा करने का अधिकार हिंदुओं को दिया जाए। इन स्थानों को हिंदुओं को सौंप दें। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने अपने एक्स अकाउंट पर इसे अंतिम समाधान बताया।
उमा भारती ने यह भी कहा कि उन्होंने 1991 में संसद में प्रस्ताव दिया था कि अयोध्या, मथुरा और काशी को हिंदुओं को सौंप दिया जाना चाहिए। कोर्ट के निर्णय का स्वागत करते हुए विहिप के कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि आज काशी की एक न्यायालय ने प्रत्येक हिंदू के मन को सुख से भर देने वाला एक बहुत ही महत्त्वपूर्ण निर्णय सुनाया है। हम प्रसन्न हैं कि न्यायालय ने कहा कि याचिकाकर्ता और काशी विश्वनाथ मिलकर आचरण सुनिश्चित करने के लिए एक पुजारी की नियुक्ति कर सकते हैं। वहाँ नियमित पूजा-अर्चना की जाएगी। ऐसा 31 वर्ष बाद हुआ है।
हिंदू पक्ष के वकील मदन मोहन यादव ने आज कहा कि न्यायालय ने वाराणसी के ज़िलाधीश को शैलेन्द्र कुमार पाठक द्वारा तहख़ाने में पूजा की अनुमति देने के लिए सात दिनों के भीतर व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। पाठक के नाना सोमनाथ व्यास 1993 तक पूजा करते थे, जब अधिकारियों ने तहख़ाने को बंद कर दिया था।
यादव ने कहा कि काशी विश्वनाथ ट्रस्ट पूजा आयोजित करने में मदद करेगा। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को न्यायिक निर्णय की सराहना की।
यह मस्जिद वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर के बगल में स्थित है।
हालांकि सभी मान्य इतिहासकार यह मानते हैं कि मस्जिद का निर्माण मंदिर के एक भाग को तोड़कर किया गया था, मामले के न्यायालय पहुँचते ही इसके पुरातात्त्विक सर्वेक्षण की आवश्यकता आन पड़ी। 2022 में न्यायालय ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (Archaeological Survey of India या ASI) को यह प्रमाणित करने के लिए वैज्ञानिक सर्वेक्षण करने का आदेश दिया था कि क्या मस्जिद के निर्माण से पहले वहाँ कोई मंदिर था। पिछले सप्ताह ASI को एक भव्य हिंदू मंदिर के अवशेष मिले जो मंदिर बनने से पहले उसी स्थान पर थे।


